झारखंड

​​​​​​​जमशेदपुर के मानगो थाना ​परिसर में दो पक्ष भिड़े,तोड़फोड़:कार टक्कर विवाद में पुलिस पर हमला, 3 पुलिसकर्मी घायल; मची अफरातफरी

मानगो थाना परिसर में रविवार रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब कार टकराने के विवाद को लेकर दो पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। झड़प इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के लोगों ने थाना परिसर में ही तोड़फोड़ शुरू कर दी। घटना में तीन पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई हैं।

उग्र लोगों ने थाने में रखी अलमारी को गिरा दिया, उसमें रखे कागजात बाहर फेंक दिए और वायरलेस सेट तक क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हुई इस घटना से थाना परिसर में कुछ देर के लिए पुलिस भी असहाय नजर आई।

जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत रविवार रात करीब 9 बजे मानगो रोड नंबर-1 पर दो कारों की टक्कर से हुई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच सड़क पर ही कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई, जिसमें दोनों पक्षों से कुल चार लोग घायल हो गए।

थाना के अंदर ही भिड़े दो पक्ष।

पुलिस को क्यूआरटी बुलानी पड़ी

इसके बाद दोनों पक्ष शिकायत दर्ज कराने मानगो थाना पहुंचे, लेकिन वहां भी विवाद शांत होने के बजाय और उग्र हो गया। थाना परिसर में ही दोनों पक्षों के लोग आपस में मारपीट करने लगे। पुलिसकर्मियों ने जब झगड़ा रोकने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के लोग भड़क गए और थाने में ही एक दूसरे पर हमला बोल दिया।

इस दौरान तीन पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आईं। थाने में रखी अलमारी गिर गई, जिससे फाइलें बिखर गईं। इसके अलावा वहां टंगा मंदिर भी गिर गया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को क्यूआरटी बुलानी पड़ी, जिसके बाद दोनों पक्षों को अलग कराया गया। सूचना मिलने पर डीएसपी हेडक्वार्टर-1 भोला प्रसाद जांच के लिए थाना पहुंचे।

एक सप्ताह पहले भी हो चुकी है दोनों पक्षों में मारपीट

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच एक सप्ताह पहले भी मारपीट हो चुकी है। दोनों के बीच अस्पताल संचालन को लेकर पुराना विवाद है। रहमत खान मानगो में सिम्स अस्पताल चलाते हैं, जबकि मुमताज दया अस्पताल के संचालक हैं।

दोनों अस्पताल एक-दूसरे के आसपास स्थित हैं। मुमताज के एक कर्मी के सिम्स अस्पताल में काम करने को लेकर पहले भी विवाद हुआ था। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

तोड़फोड़ के बाद मानगो थाने में बिखरा पड़ा सामान।

क्या है पूरा मामला

मानगो रोड नंबर-1 निवासी और कांग्रेस से जुड़े रहमत खान उर्फ हन्ने के बेटे साद सईद खान ने आरोप लगाया है कि कार टकराने के बाद सायान अहमद ने अपने साथियों अंजू और सरफराज के साथ मिलकर हमला किया। उस्तरा से किए गए हमले में सैफ अली और अमीर आलम घायल हो गए।

वहीं, दूसरे पक्ष से सायान अहमद के चाचा मुख्तार अहमद का कहना है कि सायान अपने साथियों के साथ कार से जा रहा था, तभी रहमत खान और उनके बेटे आराफ सईद खान समेत अन्य लोगों ने कार पर पथराव कर दिया।

QuoteImage

थाना परिसर में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है, जिसमें कुछ सरकारी सामान क्षतिग्रस्त हुआ है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोनों अस्पताल संचालकों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। -भोला प्रसाद, डीएसपी हेडक्वार्टर-1

QuoteImage

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button