वाराणसी में तूफान, हाथरस में सड़कें डूबीं; पति-पत्नी समेत 5 की मौत,25 शहरों में आंधी-बारिश

यूपी में प्री-मानसून एक्टिव हो गया है। शनिवार को प्रदेश के 25 जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश श्रावस्ती और सिद्धार्थनगर में 6.8 मिमी रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा संत कबीर नगर में 6.1 मिमी, गोरखपुर में 5.2 मिमी, बहराइच में 4.9 मिमी और अंबेडकर नगर में 4.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
सुबह कानपुर, अयोध्या, उन्नाव समेत करीब 25 शहरों में बारिश हुई। वाराणसी में दोपहर करीब साढ़े 12 बजे तेज आंधी आई, जिससे कई जगह होर्डिंग उड़ गईं। कौशांबी, गोरखपुर और उन्नाव में धूलभरी आंधी भी चली।
बारिश से प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज परिसर में पानी भर गया। जौनपुर, गाजीपुर, बस्ती और बलिया में करीब एक घंटे तक बारिश हुई। हाथरस में कोतवाली सदर परिसर में पानी भर गया। कानपुर में कई घरों में बारिश का पानी घुस गया। हरदोई की कई सड़कें भी पानी से लबालब नजर आईं।
आंधी-बारिश के दौरान हुए हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई। उन्नाव और गाजीपुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक-एक किसान की जान चली गई। वहीं कासगंज में आंधी के दौरान मकान का लेंटर गिरने से पति-पत्नी और बेटी की मौत हो गई।
वहीं बुंदेलखंड में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। 13 जून को बांदा में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री, झांसी में 40 डिग्री और उरई (जालौन) में 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
IMD के मुताबिक, नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्री-मानसून और मजबूत हुआ है। ऐसे में प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर अभी जारी रहने की संभावना है।
लखनऊ के मौसम की तस्वीरें-


लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया-
यूपी में प्री-मानसून की बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। अब मानसून की एंट्री तक प्रदेश में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। बीच-बीच में गर्मी भी अपने तेवर दिखाएगी, लेकिन बारिश इससे राहत दिलाती रहेगी। फिलहाल 15-16 जून तक आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला चलता रहेगा। प्रदेश में मानसून अपने तय समय यानी 20 जून तक एंट्री करेगा।

बारिश की तस्वीरें देखिए-







