यूपी में भीषण गर्मी के बीच मौसम बदलने वाला है:आज से प्री-मानसून बारिश, 35 शहरों में अलर्ट:आंधी-तूफान से ऑडिटोरियम की छत उड़ी, महिला पर टिनशेड गिरा; 3 की मौत

यूपी में भीषण गर्मी के बीच मौसम बदलने वाला है। प्रदेश में बुधवार से प्री-मानसून बारिश का सिलसिला शुरू होने जा रहा है। बुधवार तड़के नोएडा-गाजियाबाद और संभल में तेज हवा के साथ बारिश हुई। हालांकि, बाकी शहरों में तेज धूप निकली।

मौसम विभाग ने आज 35 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली-ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। 17 शहरों में हीटवेव (लू) का भी अलर्ट है। IMD के मुताबिक, कल यानी 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। इससे प्री-मानसून जोर पकड़ेगा।
इससे पहले, मंगलवार को आंधी-तूफान ने चित्रकूट, इटावा, फिरोजाबाद और सीतापुर में भारी नुकसान पहुंचाया। चित्रकूट में 4.5 करोड़ के श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम की छत उड़ गई। इटावा में 100 की रफ्तार से आए तूफान में टिनशेड उड़कर महिला पर गिर गई। सड़क पर पेड़ के नीचे दबकर बुजुर्ग की मौत हो गई।
सीतापुर में लखनऊ बॉर्डर के पास हाईवे पर पेड़ उखड़कर गिर गया। नीचे दबने से सफाईकर्मी की मौत हो गई। फिरोजाबाद में निर्माणाधीन मकान का लोहे का गेट गिरने से एक मौत हो गई। पत्नी और बेटी बुरी तरह घायल हो गए।



