झारखंड

झारखंड के हजारों युवक-युवतियों को मिली सरकारी नौकरी, CM हेमंत ने बांटा नियुक्ति पत्र

झारखंड सरकार के 1 साल पूरे

­हेमंत सरकार 28 नवंबर (आज) अपने दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ मना रही है। मोरहाबादी मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में हेमंत सोरेन ने हजारों युवक-युवतियों को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र प्रदान किया।

हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखण्ड वासियों की अपनी सरकार का एक साल पूरा हो रहा है। आज इसी ऐतिहासिक अवसर पर झारखण्ड के हमारे हजारों नौजवानों को सरकारी नौकरी की सौगात दी जा रही है। इस अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार

लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि विपक्ष द्वारा लगातार अड़ंगा लगाने के बाद भी हमने चुनौतियों को पार करते हुए हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का काम किया।

विपक्ष ने लगातार साजिश की कि किसी तरह युवाओं का भविष्य न बने, वे पैरों पर खड़ा न हों। युवा राज्य के विकास का हिस्सा न बने। यहां तक कि कोर्ट-कचहरी के माध्यम से भी हमारे कार्यों को बाधित करने का प्रयास किया।

हेमंत सोरेन ने कहा कि विचित्र स्थिति यह रही कि विपक्ष इन्हीं नियुक्ति पर 50 सवाल खड़ा करते थे। अफवाहें फैलाते थे, झूठ बोलकर कई आरोप लगाते थे। इसके बाद भी युवाओं को नौकरी-रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में भी हजारों पदों पर नियुक्तियां होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहायक आचार्य के पदों पर जिन अभ्यर्थियों की नियुक्ति हुई है, उनमें 40 प्रतिशत महिलाएं हैं। जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से से जिन पदाधिकारियों की नियुक्ति हुई है, उनमें 30 प्रतिशत महिलाएं हैं। इनमें से कई महिलाएं मंईयां सम्मान योजना का लाभ लेकर मिलने वाली राशि से प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र तो लगभग 10 हजार लोगों को मिल रहा है, लेकिन इससे 50 हजार लोगों( परिवार के सदस्यों )को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में राज्य में तेजी से बदलाव हुआ है और हो रहा है। 80 उत्कृष्ट विद्यालय खोले गए हैं। 10 डिग्री कॉलेज, आठ नर्सिंग कॉलेज, छह मेडिकल और इतने ही इंजीनियरिंग कॉलेजों की स्थापना हुई है।

कम से कम एक लोग को अपने जैसे बनाएं

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं शिक्षकों से आह्वान किया कि वे जिस जिला में जाएं वहां के एक युवा को अपने जैसा बनाएं। उन्होंने कहा कि वे यह नहीं कहते कि पूरे जिला को अपने जैसा बना दें। लेकिन कम से कम एक युवा को ऐसा जरूर बनाएं ताकि वे भी पदाधिकारी और शिक्षक बन सकें।

8792 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र

इस अवसर पर 8,792 अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्र वितरण किया गया। मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से कुछ अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। जिन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिला उनमें 8,291 सहायक आचार्य सम्मिलित हैं।

इनके अलावा नक्सली मुठभेड़ में बलिदानी हुए एवं अन्य कारणों से मृत्यु प्राप्त पुलिसकर्मियों के 22 आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया, जिनमें सात बाल आरक्षी तथा 15 सामान्य आरक्षी सम्मिलित हैं। हालांकि राज्य सरकार ने 84 आश्रितों को सामान्य आरक्षी एवं बाल आरक्षी के पद पर नियुक्त किया है।

सीएम ने किया पोस्ट

सीएम ने पोस्ट कर झारखंड को लोगों को बधाई दी। उन्होंने लिखा जोहार! आज झारखंड की अबुआ सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण हुआ। इस एक वर्ष में आपकी उम्मीदों और वादों को पूरा करने हेतु सरकार ने लगातार समर्पित भाव से काम किया है।

राज्य की हर बहन के सशक्तिकरण के लिए सम्मान राशि हर माह सीधे उनके खातों में बिना रुके भेजी जा रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने की दिशा में तेज़ी से कार्य किया जा रहा है साथ ही सामाजिक सुरक्षा, युवाओं के भविष्य और रोजगार को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button