आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA
) ने मिलावटी, घटिया और नियमों का उल्लंघन कर बेची जा रही खाद्य सामग्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एफडीए ने पिछले दो दिनों में राज्य के अहिल्यानगर, पुणे, नासिक और बुलढाणा जिलों में विशेष अभियान चलाकर 95 टन से अधिक खाद्य सामग्री और 172 लीटर दूध जब्त किया है। जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब 4.45 करोड़ रुपये बताई गई है।

FDA के अधिकारियों के मुताबिक, गणेश चतुर्थी और आगामी त्योहारों के दौरान बाजार में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।
अहिल्यानगर में 3.95 करोड़ रुपये का बटर जब्त
अहिल्यानगर में एफडीए की टीम ने एक कोल्ड स्टोरेज पर छापा मारकर 75,368.8 किलोग्राम पाश्चुरीकृत कुकिंग बटर (अनसॉल्टेड) जब्त किया। इस उत्पाद पर मदुरामा क्रीमी डिलाइट (Madurama Creamy Delight) का लेबल लगा था और इसकी कीमत करीब 3.95 करोड़ रुपये थी।
एफडीए को बटर की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं होने का संदेह है। इसके अलावा लेबलिंग में भी कई खामियां मिलीं। अधिकारियों ने बटर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं और पूरे स्टॉक को कोल्ड स्टोरेज में सील कर दिया गया है। लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Comments
Be the first to comment on this story.