भोपाल । शरद पूर्णिमा और आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिठाइयों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान तेज कर दिया है। रविवार को जिला खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने राजधानी के तीन प्रमुख मिठाई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर पनीर, मावा, दूध और लड्डुओं के नमूने एकत्र किए। कार्रवाई के दौरान टीम ने अमरनाथ स्थित जय श्री कृष्ण स्वीट्स से पनीर, मावा और दूध के सैंपल लिए। वहीं, छोला रोड स्थित गुर्जर डेयरी एवं स्वीट्स से मावा व शरद पूर्णिमा स्पेशल लड्डू और पास ही स्थित गुप्ता स्वीट्स एंड नमकीन से मावा और मावा के लड्डुओं के नमूने जांच के लिए लिए।अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को ईदगाह हिल्स स्थित राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच में मिलावट या मानकों की अनदेखी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को जागरूक करते हुए कहा कि त्योहारों में मिठाइयों को आकर्षक बनाने के लिए चांदी के वर्क का इस्तेमाल होता है। केवल प्रमाणित चांदी का वर्क ही खाद्य सामग्री में अनुमत है, एल्युमिनियम या अन्य धातुओं का वर्क सेहत के लिए हानिकारक है। उंगलियों पर रगड़ने पर चांदी का वर्क गायब हो जाता है, जबकि एल्युमिनियम का वर्क गांठ बनकर रह जाता है। हालांकि, प्रयोगशाला जांच ही इसकी असली पुष्टि करती है।


Comments
Be the first to comment on this story.