भोपाल। करवाचौथ का दिन पति की लंबी उम्र की कामना और उसके साथ जीवनभर का साथ निभाने के संकल्प का प्रतीक है। अवधपुरी में रहने वालीं आरती कुर्रे भी इसी उम्मीद के साथ व्रत रखने की तैयारी कर रही थीं। लेकिन जिस दिन उन्हें पति की लंबी उम्र के लिए उपवास रखना था, उसी दिन परिवार को उनकी अर्थी उठानी पड़ेगी। घर में करवाचौथ की तैयारियों की जगह मातम पसरा है और 14 साल के बेटे के सिर से मां का साया उठ गया है।

अवधपुरी में 44 वर्षीय आरती की फांसी लगाने से मौत हो गई। एक दिन पहले ही उन्होंने पति से करवाचौथ के लिए पार्लर जाने की बात कही थी, लेकिन पति के इनकार करने पर वह नाराज हो गईं और दोपहर को अपने कमरे में फांसी लगा ली। पुलिस को उनके पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने अपने पति के लिए लिखा है कि थैंक्यू हसबैंड, मैं जा रही हूं, आप खुश रहो। अवधपुरी पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है। आरती मेघनम कैंपस, अवधपुरी में पति अनिल के साथ रहती थीं। अनिल उच्च शिक्षा विभाग में आउटसोर्स कर्मचारी हैं। परिवार में 14 साल का बेटा और आरती के सास-ससुर भी साथ रहते हैं। सोमवार को आरती ने पति से करवाचौथ के लिए पार्लर जाने की बात कही थी। पति ने ड्यूटी पर जाने की बात कहते हुए उन्हें अपने पिता के साथ चले जाने के लिए कहा था। दोपहर में खाना खाने के बाद आरती के सास-ससुर अपने कमरे में सोने चले गए, जबकि बेटा स्कूल गया हुआ था।
शाम करीब साढ़े चार बजे तक आरती चाय देने बाहर नहीं आईं तो उनके ससुर कमरे तक पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की का कांच तोड़कर देखा तो आरती नीचे पड़ी थीं। उनके गले में दुपट्टा था, जिसका दूसरा सिरा पंखे से बंधा था। पुलिस के अनुसार दुपट्टा टूटने से वह नीचे गिर गई थीं। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है, गुरुवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।


Comments
Be the first to comment on this story.