इंदौर। सवारियों को चकमा देकर उनके बैग से नकदी व आभूषण चुराने वाला शातिर ऑटो रिक्शा चालक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपित से नकद और सोने-चांदी के आभूषण बरामद करने के साथ-साथ उसका ऑटो रिक्शा भी जब्त कर लिया है। एडिशनल डीसीपी जोन-2 अमरेंद्र सिंह के अनुसार गुरुवार को महिला अपनी बेटी संध्या के साथ देवगुराड़िया जाने के लिए पिपलियाहाना चौराहे से ऑटो में बैठी थीं। ऑटो चालक ने बेटी का बैग अपने पास आगे रख लिया। बैग में तीन-चार छोटे पर्स थे और उनमें 13 हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, नथ, पेंडल और चांदी की दो चेन रखी थीं।

रिक्शा से उतरने पर मां-बेटी ने बैग देखा तो उसमें से छोटे पर्स गायब मिले। उन्होंने मामले की तिलक नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई और चालक पर चोरी का आरोप लगाया। टीआई मनीष लोधा के मुताबिक पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ऑटो रिक्शा को चिह्नित किया और शनिवार को चालक को स्कीम-140 से पकड़ लिया। उसकी पहचान सोनू पुत्र बालकिशन लोगारे निवासी गोमा की फेल के रूप में हुई है।


Comments
Be the first to comment on this story.