CM सम्राट ने दिल्ली में की IAS-IPS अफसरों संग मीटिंग:उपराष्ट्रपति से मिले; PM से विजय सिन्हा ने की मुलाकात, राम की मूर्ति भेंट की

सीएम सम्राट चौधरी ने दिल्ली में गुरुवार की देर शाम बिहार कैडर के IAS-IPS अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बिहार के विकास, सुशासन और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने आज उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात भी की। लगभग आधे घंटे हुई बातचीत में उन्होंने राष्ट्रपति से बिहार के विकास को लेकर चर्चा की।
पटना से दिल्ली जाते समय CM ने कहा था, दिल्ली में राष्ट्रपति से मुलाकात करने जा रहा हूं। तिलका मांझी विश्वविद्यालय में तिलकामांझी की प्रतिमा का अनावरण करने का आग्रह करूंगा।
वहीं कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उन्होंने PM को राम की मूर्ति भी दी। दोनों के बीच कई मुद्दों पर लंबी बातचीत हुई।

पटना में CM बोले- भ्रष्टाचार करने वालों को बेऊर जेल में जाना होगा
इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार सुबह वीर सावरकर की 143वीं जयंती पर उनके जीवन पर लिखी बुक लॉन्च की। बिहार विधान परिषद में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा, मॉडल स्कूल को सबसे शानदार बनाना है।
उन्होंने कहा कि प्राइवेट और कॉन्वेंट के बच्चे नाम कटाकर मॉडल स्कूल में दाखिला लें। हर ब्लॉक में मॉडल स्कूल खोला जाएगा। हर ब्लॉक तक शिक्षा को मजबूती से लागू किया जाएगा।
बिहार की विरासत बढ़ाने के लिए हर अधिकारी के 2 दिन गांव में रहने का निर्देश दिया गया है। कुछ लोग अपराध को जाति से जोड़कर देखते हैं। ऐसे लोग सिर्फ जाति से जुड़े रहते है।
बिहार को ठीक करने के लिए जाति से बाहर आना होगा। अपराधी किसी भी जाति का हो, पुलिस 48 घंटे में जवाब देगी। जो भी भ्रष्टाचार करेगा, उसे बेऊर जेल में जाना होगा। कार्यक्रम के बाद CM दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

बिहार के विकास के लिए उद्योग जरूरी हैं
CM ने कहा, आज झारखंड और ओडिशा की जितनी आबादी केवल बिहार में है। ऐसे प्रदेश को समृद्ध बनाने की जिम्मेदारी हमारे कंधे पर है। बिहार के विकास के लिए उद्योग से जुड़े लोगों को साथ आना जरूरी है।
बिहार के लोगों को बिहार से जुड़ना जरूरी है। वीर सावरकर ने जो राष्ट्रवाद का काम किया है। उनके आदर्शों को बिहार में उतारने का काम करूंगा। मैं इससे सहमत नहीं हूं कि वीर सावरकर जी गुमनाम हैं।
आज देश के किसी भी बच्चे से पूछिएगा की वीर सावरकर कौन हैं तो वो बता देंगे। भारत के आजादी में जिन क्रांतिकारियों ने सहयोग दिया उसको अंग्रेजों ने छिपाने का काम किया।
इतिहासकारों और कई लोगों ने सावरकर के जीवन को छिपाया। अंडमान निकोबार जितनी बार गए हो वीर सावरकर का जेल जरूर देखा होगा।
जेल में यातना देने का प्रतीक है सेल्युलर जेल। उस दौर में अंग्रेजों ने साढ़े 5 लाख लगाकर जेल बनाया। उस जेल में भारतीयों से मुफ्त में मेहनत कराया जाता था।



कांग्रेस ने लोकतंत्र को खत्म करने का काम किया
मुख्यमंत्री ने कहा, वीर सावरकर के जीवन से प्रेरणा लेकर पीएम मोदी आज देश को गौरवान्वित कर रहे हैं। आपातकाल लगाकर देश के लोकतंत्र को खत्म करने का काम कांग्रेस ने किया। बीजेपी के लिए पहले देश को बचाना है फिर लोगों को बचाना है, फिर पार्टी बचानी है।
बीजेपी के लिए नेशन फर्स्ट ही मंत्र है। पीएम मोदी ने देश को विकसित भारत बनाने का सपना देखा है। नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार का सपना देखा है। पहले उद्योग धंधे की तरफ कम ध्यान दे पा रहे थे।
‘वीर सावरकर की जीवनी’ किताब को बिहार विधान परिषद के अवर सचिव अजय कुमार सिन्हा और बीएसएनल के प्रधान महासंबंधक संजय कुमार सिन्हा ने लिखा है।



