6 शहरों में आंधी-बारिश और बिजली से 8 की मौत:सोते वक्त घरों पर गिरे पेड़ और पोल; बिहार के 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज बिहार के 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
इसके अलावा अलर्ट वाले जिलों में आकाशीय बिजली भी गिरने की आशंका है। बाकी जिलों में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहेंगे।
खगड़िया में बुधवार सुबह बारिश के साथ ओले गिरे हैं। बेगूसराय में देर रात हुई आंधी-बारिश से पेड़ और पोल गिरे हैं।
मौसम से जुड़े हाईलाइट्स
- खगड़िया में आकाशीय बिजली से 2 किसानों की मौत हुई है।
- मुंगेर में आंधी-बारिश से एक मकान गिर गया। इसमें महिला की मौत हुई है। पति गंभीर है।
- मुजफ्फरपुर में घर पर ताड़ का पेड़ गिरने से भाई-बहन की मौत हुई है। घटना के वक्त दोनों सो रहे थे।
- भागलपुर में पोल के नीचे दबने से महिला की मौत हुई है।
- भागलपुर में सैकड़ों की संख्या में पक्षियों की मौत हुई है। इसमें एशियन कोयल, गंगा मैना, मैना समेत कई प्रजातियां शामिल हैं।
- बगहा में भी आंधी की वजह से पोल गिरा है। इसमें एक महिला की मौत हुई है।
- मोतिहारी में घर गिरने से एक युवक ने दम तोड़ दिया।
- गर्मी को देखते हुए जहानाबाद में 5वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इससे ऊपर की क्लास का समय बदला गया है।
मौसम की डिटेल नीचे बताएंगे, उससे पहले नौतपा के दौरान सेहत का ख्याल रखने वाली ये खबर पढ़ लीजिए…
नौतपा में घर से निकलते हुए सावधान: ये 7 चीजें साथ रखें, 11 सावधानियां जरूर बरतें, इन 9 संकेतों को इग्नोर न करें
नौतपा के 9 दिनों के दौरान तापमान 40-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। लोगों को रोजमर्रा के काम, ऑफिस या जरूरी जिम्मेदारियों के कारण बाहर निकलना ही होता है। लेकिन जरा सी लापरवाही से डीहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, थकान, कमजोरी और चक्कर जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

आंधी-बारिश और बिजली से 8 लोगों की मौत
- खगड़िया में 2 किसानों की मौत: खगड़िया में आकाशीय बिजली गिरने से 2 किसानों की हुई है। दोनों खेत की रखवाली कर रहे थे। घटना मथार दियारा गांव की है। मृतकों की पहचान गोरख यादव (63) और सापो यादव (60) के रूप में की गई है। दोनों गंगा किनारे परवल की फसल की रखवाली करने गए थे। अचानक मौसम खराब हो गया।बचने के लिए दोनों पास की झोपड़ी में चले गए। तभी अचानक झोपड़ी पर ठनका गिर गया।
- मुजफ्फरपुर में भाई-बहन की मौत: जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र स्थित खरार गांव में मंगलवार देर रात तेज आंधी और बारिश से एक ताड़ का पेड़ घर पर गिर गया। जिससे घर में सो रहे भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उनकी मां समेत तीन अन्य बच्चे घायल हो गए। मृत बच्चों की पहचान खरार गांव के आदित्य राज (10) और स्मृति कुमारी (8) के रूप में हुई है।
- भागलपुर में महिला की मौत: भागलपुर में मंगलवार देर रात आंधी-बारिश से 40 साल की रंजू देवी की मौत हो गई। रंजू पति के साथ घर के बरामदे में सो रही थीं। रात में बिजली का पोल टूटकर घर पर गिरा। वो करीब 3 घंटे तक पोल के नीचे दबी रहीं। रंजू देवी के 7 बच्चे हैं।
- बगहा में महिला की मौत: देर रात आंधी की वजह से पेड़ गिरने से महिला की मौत हो गई। आंधी की वजह से एक घर में भी आग लग गई। इससे घर का सारा सामन जलकर राख हो गया।
- मोतिहारी में युवक की मौत: मंगलवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान के कारण एक झोपड़ी गिरने से एक युवक की मौत हो गई। यह घटना सुगौली थाना क्षेत्र के अमीरी खा टोला वार्ड-12 में हुई। मृतक की पहचान रामपूजन ओझा के बेटे अजीत कुमार के रूप में हुई है।
- मुंगेर में आंधी-तूफान से महिला की मौत: मुंगेर में मंगलवार की देर रात आंधी-तूफान की वजह से छप्पर का घर टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। पति की हालत गंभीर है। घटना कासिम बाजार थाना क्षेत्र की है।




बंगाल की खाड़ी और पश्चिमी विक्षोभ से बदल रहा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बिहार में मौसम का बदलाव बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव के कारण हो रहा है।
बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी लिए हवा पूर्वी बिहार की ओर बढ़ रही हैं, जबकि उत्तर-पश्चिम दिशा से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ वातावरण में अस्थिरता पैदा कर रहा है।
इसकी वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल बन रहे हैं और आंधी-बारिश की स्थिति बन जा रही है।
कई जिलों में तापमान में आई गिरावट
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हुई बारिश और तेज हवा के कारण अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद कुछ जिलों में अधिकतम तापमान अब भी 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है।



