सुपौल में लाठी -डंडे से पुलिस टीम पर हमला हुआ, राइफल छीनी:ASI का सिर फाड़ा, महिला पुलिसकर्मी को पीटा; गाड़ी भी तोड़ी; हंगामे की सूचना पर पहुंची थी पुलिस

सुपौल में लाठी -डंडे से पुलिस टीम पर हमला हुआ है। हमले में एएसाई अंजय कुमार(40) और महिला होमगार्ड काजल कुमारी(19) घायल हुए हैं। एएसाई की सिर में पांच टांके लगे हैं।
हमला करने वालों ने महिला पुलिस की राइफल भी छीन ली, सरकारी गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। बाद में राइफल खेत से बरामद की गई है। घटना राघोपुर थाना इलाके के महादलित टोला की है।
इस मामले में 19 नामजद आरोपियों समेत 10 से 15 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने अब तक 9 आरोपियों को अरेस्ट किया है।
अब सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए पुलिस पर हमले की पूरी कहानी
शनिवार देर रात करीब 11:30 बजे राघोपुर पंचायत के महादलित टोला में किसी विवाद की सूचना पर पुलिस टीम पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद कुछ लोगों ने लाठी-डंडे से पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
लोगों ने पुलिस जिप्सी पर पथराव किया, गाड़ी के शीशे को तोड़ दिया। यही नहीं महिलाओं ने महिला पुलिस को घेर लिया और राइफल तक छीन ली। पुलिस वालों की संख्या कम थी, इसलिए पुलिस को पीछे हटना पड़ा।
घटना के बाद की कुछ तस्वीरें देखिए



घायल एएसाई अंजय कुमार ने बताया कि, शनिवार की देर रात शराब पीकर हंगामा करने की सूचने मिलने पर हमारी टीम मौके पर पहुंची थी। वहां पहुंचते ही कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। उपद्रवियों ने सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्होंने कहा कि घटना अचानक हुई और आसपास मौजूद लोग भी वहां से भाग गए।
घटना को लेकर महादलित टोला की निवासी रिंकू देवी ने बताया कि रात करीब 12 बजे अधिकांश लोग खाना खाकर सो चुके थे।कुछ लोग शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और युवकों से पूछताछ करने लगे। इतने में स्थिति बिगड़ गई और युवक पुलिस पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंची और टोला के लोगों से साथ मारपीट की।



