bihar

मधेपुरा में आकाशीय बिजली गिरने से 2 की मौत:दरभंगा में आंधी-बारिश से अस्पताल की सीलिंग टूटी; जमुई में गर्मी से छात्र की तबीयत बिगड़ी

भीषण गर्मी के बीच बिहार के कई जिलों का मौसम बदल गया। सहरसा, बेगूसराय, कटिहार, सहरसा समेत कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। सुपौल, मधुबनी में भी काले बादल छाने से अंधेरा छा गया।

 

दरभंगा में तेज आंधी और बारिश के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र(PHC) में कई जगहों पर फॉल्स सीलिंग गिर गई। मधेपुरा के बिहारीगंज में आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। कई घायल हैं।

 

इधर, पटना समेत बिहार के कई जिले भीषण गर्मी की चपेट में हैं। जमुई में गर्मी के चलते क्लासरूम में सातवीं कक्षा के छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जमुई का तापमान गुरुवार को 40 डिग्री दर्ज किया गया।

 

भीषण गर्मी के कारण गयाजी में पांचवीं तक के स्कूल बंद हो गए हैं, जबकि क्लास 6 से आठवीं तक सुबह 11 बजे तक ही पढ़ाई होगी। गयाजी में सुबह 10 बजे ही तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच जा रहा है।

 

मौसम विभाग ने बिहार के 7 जिलों बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आंधी-बारिश, आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा 5 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

दरभंगा में आंधी-बारिश के दौरान अस्पताल की सीलिंग टूटीm

दरभंगा के गंगवाड़ा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान फैब्रिक से बने भवन का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। कई जगहों पर फॉल्स सीलिंग गिर गई, जबकि दीवारें भी अपनी जगह से खिसकने लगीं। हादसे में एक ANM को हल्की चोट आई है।

घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टर, नर्स, स्वास्थ्यकर्मी और मरीज जान बचाने के लिए भवन से बाहर भाग निकले। करीब 50 स्वास्थ्यकर्मी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्थिति इतनी भयावह थी कि लोगों को भूकंप जैसा एहसास होने लगा।

बता दें कि सदर PHC पहले प्रखंड मुख्यालय के पास पुराने जर्जर भवन में संचालित होता था। जगह की कमी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए करीब एक साल पहले इसे गंगवाड़ा के नए फैब्रिक भवन में शिफ्ट किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button