पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा- पीएम-सीएम एक पार्टी का नहीं, सबका होता है:मोदी केवल अपनी ही पार्टी के प्रधानमंत्री के तौर पर काम कर रहे हैं

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा है कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नेता एक पार्टी का नहीं रहता है। प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री बनने के बाद वो तमाम पार्टियों का हो जाता है। तमाम पार्टियों के लोग देशवासी और प्रदेशवासी होते हैं।
दुर्भाग्य से पीएम मोदी में अभी वो भावना नहीं है। मोदी अभी अपनी ही पार्टी के प्रधानमंत्री के रूप में काम कर रहे हैं। ये नहीं होना चाहिए। प्रधानमंत्री बनने के बाद सभी पार्टियों, विचारधाराओं के साथ उनका प्यार मोहब्ब्त का रिश्ता होना चाहिए। आज यह भावना नहीं है, दुर्भाग्य की बात है। गहलोत दिल्ली में राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
राहुल गांधी के आरएसएस- भाजपा से नहीं डरने वाले बयान पर गहलोत ने कहा- ये नई बात क्या है? उन्होंने नई बात थोड़ी कही है। उनका इतना प्रेम है, उनके दिल में देश प्रेम इतना है, दिल की बात जुबान पर आती है। वो चाहते हैं कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में वे हमेशा देशवासियों को आगाह करते हैं। चाहे नोटबंदी हो, कोविड का संकट हो। हर बार उन्होंने देश को आगाह किया। यह नेता प्रतिपक्ष के तौर पर उनकी ड्यूटी भी है। वे उस ड्यूटी को निभा रहे हैं।



