अजमेर में IAS प्री-एग्जाम में गुपचुप तरीके से एंट्री:कैंडिडेट को सेंटर के छोटे गेट से अंदर भेजा, ADM बोलीं-सेंटर से मांगी रिपोर्ट

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा (आईएएस) प्री-परीक्षा रविवार को हुई। राजस्थान में जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और अजमेर में परीक्षा सेंटर बनाए गए।
अजमेर के एक सेंटर में कैंडिडेट को गुपचुप तरीके से एंट्री देने का मामला सामने आया है। दावा है कि यहां एक पुलिसकर्मी ने कुछ कैंडिडेट्स को एंट्री टाइम खत्म होने के बाद अंदर भेज दिया।
गलत तरीके से कैंडिडेट को एंट्री देने पर एग्जाम को-ऑर्डिनेटर ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
किसी को एंट्री, किसी को नहीं
मामला शहर के सिविल लाइंस के सावित्री स्कूल का है। जानकारी के अनुसार पहली पारी के लिए एंट्री का टाइम सुबह 9 तक था। लेकिन एक पुलिसकर्मी ने उसके बाद भी कैंडिडेट्स को सेंटर के दूसरे गेट से अंदर भेज दिया।
एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें पुलिसकर्मी बैग सहित एक महिला कैंडिडेट को एंट्री करवा रहा है। वहीं, इस दौरान करीब 9 बजकर 10 मिनट पर कानपुर से आई एक युवती को एंट्री नहीं दी गई और वह वापस लौट गई।
दरअसल, नियमानुसार 9 बजे बाद सेंटर में कैंडिडेट्स न तो अंदर जा सकता, न ही बाहर आ सकता है।

3 से ज्यादा कैंडिडेट को अंदर भेजने का आरोप
सेंटर के बाहर मौजूद कुछ कैंडिडेट्स के परिजनों ने बताया कि टाइम खत्म होने के बाद 3 से ज्यादा कैंडिडेट्स को अंदर भेजा गया। जो सेंटर का मुख्य गेट था, वो तो 9 बजते ही बंद कर दिया गया था।
इसी के पास एक और छोटा गेट है, जिससे लेट आए कैंडिडेट्स को अंदर भेजा रहा था। सेंटर के बाहर 3 पुलिसकर्मी थी, इनमें से कैंडिडेट्स को एंट्री करवा रहा था।

2 पारियों में एग्जाम
संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा रविवार को दो पारियों में हुई। अजमेर में इस बार 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए, जहां करीब 2600 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।
पहली पारी सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक हुई। दूसरी पारी दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक चली। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्रों के गेट बंद कर दिए। सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात की गई।



