एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने आरोपी सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को नोटिस जारी किया:MP सरकार बोली- वे जांच में मदद नहीं कर रहीं; दिल्ली से CBI टीम भोपाल रवाना

एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने आरोपी सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस राज्य सरकार और ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा की उस याचिका पर जारी हुआ, जिसमें ट्रायल कोर्ट से मिली गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत का विरोध किया गया है।
सोमवार को सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से पेश महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने कहा कि गिरिबाला जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं। वहीं, गिरिबाला सिंह के वकील मृगेंद्र सिंह ने कहा- यह कहना गलत है कि हम जांच में सपोर्ट नहीं कर रहे हैं। हमें पिटीशन के दस्तावेज नहीं मिले हैं, इसलिए जवाब दाखिल करने के लिए समय चाहिए।
सोमवार सुबह सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई के दौरान मध्य प्रदेश सरकार की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने भी आरोप लगाया था कि ट्विशा की सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह जांच में बाधा डाल रही हैं।
वहीं भोपाल जिला कोर्ट ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह मामले की सुनवाई मंगलवार तक के लिए टाल दी है। पुलिस प्रतिवेदन नहीं मिलने के कारण सुनवाई स्थगित की गई। कोर्ट ने पुलिस को कल तक प्रतिवेदन पेश करने के निर्देश दिए हैं।
ट्विशा के पिता के वकील पीयूष सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया-
अदालत ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब पेश करने को कहा है। 27 मई को अगली सुनवाई तय की गई है।

उधर, मामले की जांच अब CBI करेगी। एजेंसी की टीम सोमवार को दिल्ली से भोपाल के लिए रवाना हो गई। टीम शाम तक भोपाल पहुंचकर स्थानीय पुलिस से केस का हेंडओवर लेगी।
सुप्रीम कोर्ट बोला- दोनों पक्ष बयानबाजी से बचें
इधर, सुप्रीम कोर्ट ने खुद नोटिस लेते हुए सोमवार को इस केस की सुनवाई की। चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि मीडिया पीड़ित या दूसरे परिवार के बयानों के पीछे न भागे और मामले को कानून के मुताबिक आगे बढ़ने दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि न्यायपालिका की निष्पक्षता पर सवाल उठने से वे दुखी हैं।
दरअसल ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। ट्विशा की मौत को ससुराल पक्ष आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने पति और ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। इस केस से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर सुप्रीम कोर्ट ने खुद नोटिस लिया है।
सुप्रीम कोर्ट ने ज्यूडिशियरी पर लगे आरोप को नोटिस में लिया
सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने कहा कि मीडिया में छपी एक खबर में ज्यूडिशियरी की निष्पक्षता पर सवाल उठाए गए। यह बताया गया कि ट्विशा का पति एक वकील है और मां पूर्व जिला जज हैं। सवाल यह था कि क्या जांच में अनुचित प्रभाव डाला जा सकता है। यह भी कहा गया कि कोर्ट की संलिप्तता के कारण निष्पक्ष जांच नहीं हो पाई। इसलिए हमने खुद एक्शन लेते हुए कार्यवाही शुरू की।
कोर्ट रूम LIVE
- CJI सूर्यकांत: इस केस में दो या तीन पहलू थे। एक तो दूसरे पोस्टमॉर्टम से जुड़ा था, जो अब पूरा हो चुका है। कुछ चीजों की वजह से हमें थोड़ी तकलीफ हुई है। हम अपने मीडिया के दोस्तों से गुजारिश करेंगे कि वे पीड़ित परिवार या दूसरे परिवार के बयानों के पीछे न भागें। चीजों को कानून और प्रक्रिया के हिसाब से ही आगे बढ़ने दें।
- CJI सूर्यकांत: मृतक की सास एक रिटायर्ड जिला जज हैं। यह अफसोस की बात है कि ऐसा कहा जा रहा है कि कोर्ट निष्पक्ष सुनवाई की इजाजत नहीं दे रही है। हमें इस पर कोई शक नहीं है कि पीड़ित और आरोपी, दोनों ही जांच में सहयोग करेंगे। हमें अपनी राज्य एजेंसियों या CBI पर भी कोई शक नहीं है, जो भी जांच करेगा, वह निश्चित रूप से जांच को उसके अंजाम तक पहुंचाएगा और सच का पता लगाएगा।
- आरोपी के वकील सिद्धार्थ दवे: मेरा बयान अगले ही दिन अखबारों में छप गया।
- SG तुषार मेहता: रिटायर्ड जज एक चैनल से दूसरे चैनल पर घूम-घूमकर मृतका की बदनामी ही कर रही हैं। यह मामला अब CBI को सौंप दिया गया है। इसे सनसनीखेज नहीं बनाया जाना चाहिए, लेकिन मीडिया और उसके दखल की वजह से ही कई बातें सामने भी आई हैं।
- CJI सूर्यकांत: हमारी एकमात्र चिंता यही है कि कोई भी पक्ष मीडिया में जाकर बयानबाजी न करे। यह मामला हम तक सिर्फ मीडिया के जरिए ही आया था।
- ट्विशा के पिता के वकील सिद्धार्थ लूथरा: FIR दर्ज करवाने में तीन दिन की देरी हुई। सबूतों को सुरक्षित रखने में भी लापरवाही बरती गई। सास तो अपने खुद के कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स ही पेश कर रही हैं।
- CJI सूर्यकांत: हम आप सभी से गुजारिश कर रहे हैं कि आप कोई भी बयान जल्दबाजी में या समय से पहले न दें।
पुलिस कमिश्नर बोले- समर्थ से पूछताछ कर रहे
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि ट्विशा के पति समर्थ सिंह से लगातार पूछताछ की जा रही है। उसके बयानों का क्रॉस वेरिफिकेशन हो रहा है। पुलिस बैंक डिटेल्स, कॉल रिकॉर्ड और फरारी के दौरान उसे मदद करने वालों की जानकारी जुटा रही है।
पूर्व जज गिरिबाला सिंह से भी उनके घर जाकर पूछताछ की गई। यहां के सीसीटीवी फुटेज से कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है। निर्देश मिलते ही केस डायरी सीबीआई को सौंप दी जाएगी।



