मध्य प्रदेश में 4 जिलों में तेज लू का रेड अलर्ट:46 डिग्री के पार जा रहा तापमान; अगले 10 दिन इससे भी ज्यादा गर्मी रहेगी

मध्य प्रदेश में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी पड़ रही है। सुबह 9 से 11 बजे के बीच पारा 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 से तीन बजे तक बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।
मौसम केंद्र (IMD) भोपाल के अनुसार, अगले 10 दिन यानी 31 मई तक गर्मी का यह दौर अपने पीक पर रहेगा। शुक्रवार को निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना और सतना में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जगहों पर पारा 46 डिग्री के पार जाने की आशंका है।
मौसम की डिटेल नीचे बताएंगे, उससे पहले गर्मी में पानी बचाने के 11 तरीके जान लीजिए
गर्मियों में पीने, नहाने, खाना पकाने और साफ-सफाई में भी पानी की खपत बढ़ जाती है। इसलिए ‘जरूरत की खबर’ में आज हम पानी स्टोर करने के आसान टिप्स समझेंगे। साथ ही जानेंगे- गर्मियों में पानी की किल्लत क्यों होती है और गर्मियों में घर में कितने पानी का स्टोरेज होना चाहिए?

आज इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 41 जिलों में लू (Heatwave) की चेतावनी जारी की है।
4 जिलों में रेड अलर्ट : निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना और सतना में तीव्र लू का रेड अलर्ट है। यहां तापमान 46 डिग्री के पार जा सकता है।
21 जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट: ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
20 जिलों में लू का येलो अलर्ट: भोपाल, नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, सीहोर, शाजापुर, रायसेन, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर में येलो अलर्ट है। यहां तापमान 43 से 45 डिग्री के आसपास रहेगा।
9 जिलों में तेज गर्मी: इंदौर, देवास, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, धार, बड़वानी, झाबुआ और आलीराजपुर में लू की सीधी चेतावनी तो नहीं है, लेकिन उमस और तेज गर्मी का दौर जारी रहेगा।
अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम…
मौसम विभाग ने अगले तीन दिन यानी 25 मई तक के लिए गर्मी का फोरकास्ट जारी किया है। इसमें कहा गया है कि तीन दिन तक पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर बना रहेगा, यानी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। 25 मई से नौतपा शुरू हो रहा है। इन 9 दिन में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर-जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ेगी।



