सवाई माधोपुर में उधार दिए रुपए मांगने पर युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया;आरोप- महिला समेत 4 लोगों ने पेट्रोल डालकर आग लगाई, 8 लाख रुपए लिए थे


सवाई माधोपुर में उधार दिए रुपए मांगने पर युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया। गंभीर रूप से झुलसे युवक को जिला हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। जहां से जयपुर रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
घटना सवाई माधोपुर जिले के एक गांव की सोमवार शाम की है। मृतक लोकेश मीणा (28) निवासी भारजा नदी ने मरने से पहले पुलिस को बयान दिया है। जिसमें 2 महिला समेत कुल 4 लोगों पर जलाकर मारने आरोप लगाया है।
मामले में थानाधिकारी का कहना है- एक युवक की पेट्रोल डालकर आग लगने से गंभीर झुलसने की सूचना मिली थी। उसे जयपुर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान मंगलवार दोपहर उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद सही कारणों की जानकारी सामने आ सकेगी।
युवक का दावा- उधारी के रुपए लेने पहुंचा था
मरने से पहले पुलिस को दिए बयान में लोकेश मीणा ने कहा- पास के गांव में एक ही परिवार के 4 लोगों ने मुझसे करीब 8 लाख रुपए उधार लिए थे।यह रुपए मैंने टुकड़ों में दी थी। सोमवार की शाम को जब मैं रुपए लेने उनके घर पहुंचा तो लोगों ने मुझे पकड़ लिया। आरोपी वहां खड़ी एक गाड़ी में से बोतल में पेट्रोल निकालकर लाए और मेरे ऊपर डाल दिया। फिर माचिस से आग लगा दी। मैं बचने के लिए इधर- उधर भागता रहा, लेकिन किसी ने नहीं बचाया। आग में मैं गंभीर रूप से झुलस गया।
जयपुर में इलाज के दौरान मौत घटना के बाद कुछ लोग लोकेश को लेकर सवाई माधोपुर जिला अस्पताल पहुंचे। गंभीर हालत को देखते हुए लोकेश को जयपुर रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मरने से पहले लोकेश ने पुलिस को दिए बयान में कहा-आरोपियों के परिवार में एक युवती से करीब 2 साल पहले मेरी शादी की बात चली थी, लेकिन मेरा सरकारी नौकरी में सिलेक्शन नहीं होने पर उसने शादी नहीं की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



