केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनारई विजयन के समर्थकों ने प्रवर्तन निदेशालय की टीम पर हमला किया:लाठी-पत्थर बरसाए, गाड़ी तोड़ी; पूर्व केरलम CM की बेटी पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप, घर पर रेड

केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनारई विजयन के समर्थकों ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम पर हमला किया। ED की 12 सदस्यीय टीम बुधवार सुबह 7 बजे तिरुवनंतपुरम के बेकरी जंक्शन स्थित विजयन के घर समेत 10 ठिकानों पर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रेड करने पहुंची थी।
यह विजयन का किराए वाला घर है। रेड के दौरान विजयन और उनका परिवार घर में मौजूद था। जैसे ही यह खबर फैली तो विजयन के समर्थक उनके घर के बाहर जुटने लगे।
दोपहर करीब 2 बजे टीम बाहर निकली तो सीपीआई कार्यकर्ताओं ने घेर लिया। भीड़ ने अधिकारियों की गाड़ियों पर पत्थर और बोतलें फेंकी। कारों के शीशे तोड़ दिए गए और लाठी से भी हमला किया।

4 शहरों में विजयन के 10 ठिकानों पर रेड
- तिरुवनंतपुरम: बेकरी जंक्शन स्थित पूर्व मुख्यमंत्री पिनारई विजयन के किराए के घर पर रेड। यहां उनकी बेटी वीणा विजयन भी रहती हैं।
- कन्नूर: पिनारई विजयन का पुश्तैनी घर पर।
- कोझिकोड: विजयन के दामाद और माकपा विधायक पी.ए. मोहम्मद रियास के घर पर छापा।
- अलुवा: CMRL कंपनी के कॉर्पोरेट ऑफिस और कंपनी के MD शशिधरन कार्था के घर भी छापा।
विजयन बोले- ED की रेड से राहुल को संतुष्टि हुई होगी
ED की रेड पर पिनाराई विजयन का बयान सामने आया। उन्होंने कहा- काफी समय से ED मेरे घर की तलाशी लेना चाहती थी। मुझे लगता है कि इस तलाशी से कुछ लोगों को खासकर राहुल गांधी जैसे किसी व्यक्ति को बहुत संतुष्टि मिलेगी।
राहुल गांधी ने यही सवाल पूछा था कि मेरे घर छापा क्यों नहीं मारा जा रहा है, गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश में विपक्षी नेताओं पर हमेशा से जान-बूझकर हमले करती रही है।



