बाड़मेर में खेत में पवन चक्की(विंड मिल) लगाने के विरोध में किसान ने खुद पर पेट्रोल डालकर सुसाइड का प्रयास किया

बाड़मेर में खेत में पवन चक्की(विंड मिल) लगाने के विरोध में किसान ने खुद पर पेट्रोल डालकर सुसाइड का प्रयास किया। साथी किसानों ने उसे बचाया। इसके बाद गुस्साए किसान मौके पर मौजूद स्टर्लिंग एंड विल्सन कंपनी के अफसरों से भिड़ गए और अधिकारियों से मारपीट की। घटना शिव थाने के मौखाब गांव में आज शाम करीब साढ़े 4 बजे हुई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
शिव थानाधिकारी सत्यप्रकाश ने बताया- कंपनी अधिकारियों और किसानों के बीच गाड़ी लगाने को लेकर बहसबाजी हो गई थी। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। कंपनी के लोग रिपोर्ट दर्ज करवाने आए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
पहले देखिए- मारपीट की 2 तस्वीरें

किसानों की अनदेखी करने का आरोप दरअसल, बाड़मेर के शिव इलाके में कंपनी सोलर और विंड एनर्जी का काम करती है। कंपनी मौखाब कला, रामदेव नगर, भीयाड़, बलाई और बीसूकला गांव में काम कर रही है।
कंपनी ने वांकल पावर एलएलपी को भी काम सौंप रखा है। काम के सिलसिले में वांकल कंपनी ने ओरण-गोचर, आगौर, मगरा, नाड़ी जमीन पर अस्थाई आने-जाने की अनुमति जिला कलेक्टर से मांगी थी। हालांकि उस पर किसी तरह का निर्माण या सड़क बनाने की अनुमति नहीं दी गई।
पक्के सड़क निर्माण को लेकर 14 मार्च को भी विवाद हुआ था। हालांकि किसानों के विरोध को देखते हुए कंपनी ने सड़क निर्माण का काम रोक दिया था। शनिवार को कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर और कर्मचारी विंड और पंखे ट्रेलर में लोड करके मौखाब गांव पहुंचे थे।स
किसान बोला- बिना परमिशन विंड मिल लगा रहे थे, विरोध किया
किसान श्रवणसिंह का कहना है- खेत में मेरी परमिशन के बिना विंड मिल और विंड टर्बाइन लगाया जा रहा था। मैंने विरोध किया। जब कंपनी अधिकारी और कर्मचारी जबरदस्ती करने लगे तो मैंने खुद पर पेट्रोल डालकर सुसाइड करने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद दूसरे लोगों ने बचा लिया।
आरोप है कि जब कंपनी प्रबंधन को ऐसा करने से रोका तो वे बहस करने लगे। बदसलूकी करने लगे। इसके बाद गुस्साए किसानों ने कंपनी प्रबंधन से जुड़े लोगों के साथ मारपीट की और थप्पड़ मारे। विवाद बढ़ता देख कर्मचारी और अधिकारी स्कॉपियो गाड़ी में भाग निकले।



