उत्तर प्रदेश

काशी-लखनऊ में बारिश, 23 जिलों में अलर्ट:झांसी में बारूद फैक्ट्री पर बिजली गिरी, जोरदार धमाका, एक की मौत

यूपी में शनिवार को लगातार दूसरे दिन बारिश का दौर जारी है। लखनऊ और वाराणसी में रातभर रुक-रुककर बारिश हुई। गोरखपुर, जालौन समेत 10 शहरों में सुबह से कहीं तेज तो कहीं बूदांबादी हो रही है। बर्फीली हवाओं ने ठंड का एहसास कराया।

दूसरी तरफ, आगरा, मथुरा, मेरठ और अलीगढ़ समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में जनवरी जैसा कोहरा छाया रहा। सड़कों पर विजिबिलिटी 100 मीटर तक सिमट गई। अचानक बदले मौसम की वजह से प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5-6 डिग्री की गिरावट हुई है।

मौसम विभाग ने शनिवार को 23 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें ज्यादातर जिले बुदेलखंड और पूर्वांचल के हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि रविवार यानी कल भी मौसम ऐसा ही रहेगा।

पिछले 24 घंटे की बात करें तो अयोध्या, बाराबंकी, सीतापुर समेत 25 से ज्यादा जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई। ललितपुर में ओले सड़कों पर सफेद चादर जैसे बिछ गए। खेतों में खड़ी गेहूं, सरसों और सब्जियों की फसल बर्बाद हो गई। एक महिला किसान फसल देख रो पड़ी।

प्रयागराज, बलरामपुर, बहराइच और मिर्जापुर में आकाशीय बिजली गिरने से 3 किसानों समेत 5 की मौत हो गई। झांसी में बारुद फैक्ट्री पर आकाशीय बिजली गिरने से विस्फोट हो गया। फैक्ट्री की छत उड़ गई। आग लग गई। हादसे के एक की मौत हो गई। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज करीब 10 किलोमीटर दूर तक सुनाई पड़ी।

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया-

पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की वजह से पूरे प्रदेश में मौसम बदल गया है। रविवार तक मौसम बिगड़ा ही रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश होगी। बिजली गिर सकती है। 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। 23 मार्च से मौसम में सुधार आएगा।

काशी में देर रात तेज बारिश हुई। दिनभर की बूंदाबांदी के बाद रात में बादलों की गड़गड़ाहट के बीच झमाझम बरसात हुई।

ललितपुर में शुक्रवार को जमकर ओले गिरे। किसानों ने कहा- हमारा काफी नुकसान हुआ।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button