जयपुर

वीरों की भूमि झुंझुनूं के पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर;नवलगढ़-खेतड़ी में खुलेंगी नई एक्स-सर्विसमैन कैंटीन

वीरों की भूमि झुंझुनूं के पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। सेना की साउथ वेस्टर्न कमांड (61 सब एरिया) ने जिले के पूर्व सैनिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए नवलगढ़ और खेतड़ी में नई एक्स-सर्विसमैन (ESM) कैंटीन खोलने की मंजूरी दे दी है।

इसके साथ ही झुंझुनूं जिला मुख्यालय पर संचालित मौजूदा कैंटीन को भी जल्द ही बड़े और सुविधाजनक परिसर में शिफ्ट किया जाएगा।

जून तक शुरू हो सकती हैं नई कैंटीन

जिले के नवलगढ़ और खेतड़ी क्षेत्र में अभी तक एक्स-सर्विसमैन कैंटीन की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसके कारण पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को घरेलू सामान और अन्य आवश्यक वस्तुओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।

राजस्थान एक्स-सर्विसमैन लीग के पूर्व अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल सतपाल कटेवा और वर्तमान अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल कमल कुमार रेप्सवाल के लगातार प्रयासों के बाद सेना के उच्च अधिकारियों ने इन दोनों स्थानों पर कैंटीन खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

संभावना जताई जा रही है कि अगले तीन महीनों के भीतर यानी जून तक नवलगढ़ और खेतड़ी में कैंटीन का संचालन शुरू हो जाएगा। फिलहाल दोनों स्थानों पर कैंटीन के लिए उपयुक्त जमीन की तलाश की जा रही है।

वर्तमान एक्स सर्विसमैन कैंटीन झुंझुनूं।

झुंझुनूं की कैंटीन को मिलेगी नई बिल्डिंग

झुंझुनूं जिला मुख्यालय पर वर्तमान में कैंटीन रेलवे स्टेशन के पास सैनिक कल्याण बोर्ड के पुराने और संकरे भवन में संचालित हो रही है। जिले में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक होने के कारण यहां अक्सर भीड़ और लंबी कतारें लग जाती हैं।

इस समस्या के समाधान के लिए गुढ़ा रोड पर स्थित ECHS पॉलीक्लिनिक के पास 1.40 हेक्टेयर भूमि में से करीब 22 हजार वर्गफीट जमीन कैंटीन के लिए आवंटित की गई है।

वरिष्ठ उपशासन सचिव ने इस जमीन को 20 वर्षों के लिए 61 सब एरिया को लीज पर देने की मंजूरी दी है। इसके बाद साउथ वेस्टर्न कमांड यहां नई और आधुनिक बिल्डिंग का निर्माण करवाएगी।

एक ही जगह मिलेंगी कई सुविधाएं

नई कैंटीन ECHS पॉलीक्लिनिक के पास बनने से पूर्व सैनिकों को एक ही क्षेत्र में चिकित्सा और राशन दोनों सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे उन्हें अलग-अलग स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

लंबे संघर्ष के बाद मिली सफलता

पूर्व सैनिकों की इस मांग को सेना प्रमुख, क्वार्टर मास्टर जनरल और साउथ वेस्टर्न कमांड के कमांडर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया गया था। इसके बाद अब इस पर सहमति बनी है।

राजस्थान एक्स-सर्विसमैन लीग के पूर्व अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल सतपाल कटेवा ने बताया कि नवलगढ़ और खेतड़ी में कैंटीन खोलने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जून तक इनके संचालन की संभावना है।

साथ ही मलसीसर क्षेत्र में भी एक्स-सर्विसमैन कैंटीन खोलने की मांग अभी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button