सवाई माधोपुर के पुराने शहर में बजरी माफियाओं ने खनन टीम पर किया हमला:ट्रैक्टर छुड़ाने पहुंचे बदमाश, होमगार्ड ने रायफल तानी तो भागे

सवाई माधोपुर के पुराने शहर में रविवार सुबह बजरी माफियाओं ने खनन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। बदमाशों ने जब्त किए गए बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को छुड़ाने के लिए सरकारी वाहन को टक्कर मारने की कोशिश की। हालांकि टीम में मौजूद बॉर्डर होमगार्ड ने मौके पर रायफल तान दी, जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना शहर के आबादी वाले इलाके में होने के कारण आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। खनन विभाग ने मामले में कोतवाली थाने में शिकायत दी है।
सुबह 6 बजे पकड़ी गई बजरी से भरी ट्रैक्टर-टॉली
स्थानीय लोगों के अनुसार भेरू दरवाजा क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 6 बजे खनन विभाग की टीम ने रामद्वारा के पास बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा था। टीम उसे जब्त कर कोतवाली थाने ले जा रही थी।

इसी दौरान भेरू दरवाजा के पास पीछे से एक बोलेरो गाड़ी आकर रुकी। उसमें चार से पांच बदमाश सवार थे। बदमाशों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को छुड़ाने के लिए सरकारी वाहन को टक्कर मारने का प्रयास किया।
होमगार्ड ने रायफल तानी तो भागे बदमाश
स्थिति बिगड़ती देख खनन विभाग की टीम में मौजूद बॉर्डर होमगार्ड ने तुरंत अपनी रायफल तान दी। हथियार देख बदमाश घबरा गए और मौके से भाग निकले।
भागने से पहले बदमाशों ने ट्रैक्टर-टॉली में भरी बजरी को सड़क पर फैला दिया, जिससे कुछ देर के लिए रास्ता भी बाधित हो गया। इसके बाद खनन विभाग की टीम ट्रैक्टर-टॉली को लेकर कोतवाली थाने पहुंची, जहां उसे जब्त करने की कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने साधी चुप्पी
घटना के बाद खनन विभाग के अधिकारी खुलकर कुछ भी कहने से बचते नजर आए। कार्रवाई में शामिल खनिज विभाग के फोरमैन देशराज मीणा से संपर्क करने पर उन्होंने केवल इतना कहा कि रायफल तानी गई थी, चलाई नहीं गई। इसके बाद उन्होंने फोन काट दिया।
इसके बाद कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया। वहीं खनन विभाग के एईएन धर्मसिंह मीणा ने कहा कि मामले में फोरमैन से बात करने के बाद ही जानकारी दे पाएंगे।



