मध्य प्रदेश

होली से पहले मैहर पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला:हुड़दंगियों पर रहेगी नजर और डीजे संचालकों को समय-सीमा का पालन करना होगा

मैहर में होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। मैहर पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला, जिससे सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का संदेश दिया गया।

मैहर कोतवाली थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी के नेतृत्व में यह फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों से होकर गुजरा। भारी पुलिस बल को सड़कों पर देखकर आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगा है।

शांति और भाईचारे की अपील

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लाउडस्पीकर से लोगों से अपील की कि वे होली का त्योहार आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाएं। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने को कहा है।

हुड़दंगियों को सख्त चेतावनी

थाना प्रभारी ने साफ चेतावनी दी है कि त्योहार के नाम पर हुड़दंग करने, नशा करके गाड़ी चलाने या शांति भंग करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान पुलिस ने स्थानीय दुकानदारों से बातचीत की।

डीजे संचालकों को हिदायत

शहर के सभी डीजे संचालकों और आयोजकों को आवाज के नियमों और तय समय-सीमा (सुबह 7 से रात के 9 बजे तक) का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान लगातार गश्त और चेकिंग जारी रहेगी ताकि लोग बिना किसी डर के होली मना सकें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button