सूर्यवंशी के पास गेल का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका:IPL एलिमिनेटर में आज राजस्थान Vs हैदराबाद; क्लासन टॉप स्कोरर बन सकते हैं

IPL में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह क्रिकेट स्टेडियम मैच शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। इस मुकाबले को हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
राजस्थान के ओपनर वैभव सूर्यवंशी के पास एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने बेंगलुरु की ओर से 2012 सीजन में 59 छक्के लगाए थे। वैभव इस सीजन 53 सिक्स लगा चुके हैं।

- राजस्थान की टीम हैदराबाद को पिछले 6 मैच से नहीं हरा पाई है। टीम को पिछली जीत 2 अप्रैल 2023 को हैदराबाद में मिली थी। तब राजस्थान ने हैदराबाद को 72 रन से हराया था।
- हैदराबाद ने 2024 सीजन में राजस्थान को क्वालिफायर-2 हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, टीम कोलकाता से फाइनल हार गई थी।
- राजस्थान के वैभव सूर्यवंशी ने 25 अप्रैल 2026 को SRH के खिलाफ प्रफुल हिंगे के पहले ओवर में 4 छक्के लगाए थे। IPL इतिहास में पहली बार किसी बल्लेबाज ने पारी के पहले ओवर में 4 छक्के लगाए थे।
ओपनर्स तय करेंगे मैच का रुख
एलिमिनेटर मैच का नतीजा पावरप्ले में ओपनर्स के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। राजस्थान की ओर से वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल हैं, तो हैदराबाद की ओर ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा की जोड़ी है। ये चारों ओपनर्स हैं, जो कि शुरुआती 6 ओवर में ही मैच की दिशा बदल सकते हैं। प्लेऑफ मुकाबले में असली दबाव भी इसी फेज में रहता है।
- हेड-अभिषेक की जोड़ी इस सीजन में 690 रन बना चुकी है, जबकि वैभव-जायसवाल ने 622 रन बनाए हैं।
- हैदराबाद के हेड 168.66 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं, जबकि उनके जोड़ीदार अभिषेक का स्ट्राइक रेट 206.22 रहा है।
- राजस्थान के लिए सूर्यवंशी का 232.27 का स्ट्राइक रेट और जायसवाल का स्ट्राइक रेट 159.43 हैं।
हैदराबाद ने 23 में से 14 मैच जीते, 9 हारे
हेड-टु-हेड रिकॉर्ड में हैदराबाद का प्रदर्शन राजस्थान से बेहतर है। दोनों के बीच 23 IPL मैच खेले गए हैं। इनमें 14 हैदराबाद और 9 मैच राजस्थान ने जीते हैं।
वैभव राजस्थान के टॉप स्कोरर
वैभव सूर्यवंशी राजस्थान के टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ इसी सीजन में शतक लगाया था। वे 14 मैच में 583 रन बना चुके हैं। इनमें 3 फिफ्टी शामिल हैं। वहीं, जोफ्रा आर्चर टॉप विकेट टेकर हैं। वे 14 मैच में 21 विकेट ले चुके हैं। आर्चर ने इस सीजन 8.76 की इकोनॉमी से रन दिए हैं।
क्लासन के पास ऑरेंज कैप पाने का मौका
हैदराबाद के हेनरिक क्लासन के पास ऑरेंज कैप हासिल करने का मौका है। वे 14 मैच में 606 रन बना चुके हैं। 32 रन बनाते ही वे ऑरेंज कैप हासिल कर लेंगे। ईशान किशन (569 रन) और अभिषेक शर्मा (563 रन) भी सीजन में 500 रन का आंकड़ा पार कर चुके हैं। गेंदबाजी में ईशान मलिंगा टॉप पर हैं। वे 19 विकेट ले चुके हैं।



