जयपुर

किसानों ने श्रीगंगानगर में दो हाईवे किए जाम:साढ़े चार घंटे तक बंद रहा रास्ता; 26 फरवरी को करेंगे महापड़ाव

श्रीगंगानगर में किसानों ने सड़क के बीच ट्रैक्टर खड़े कर दो हाईवे जाम कर दिए थे। इसके बाद किसान NH-911 के फूसेवाला टोल प्लाजा और सीसी हेड पर पदमपुर स्टेट हाईवे पर धरने पर बैठ गए थे। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने भाजपा के पूर्व मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह टीटी का पुतला फूंका।

किसानों का कहना है कि पंजाब में फिरोजपुर फीडर पर रिकंस्ट्रक्शन के कारण नहरबंदी के 32 दिन बाद भी उन्हें पानी नहीं मिल रहा। 2600 क्यूसेक की जगह 1500 क्यूसेक पानी छोड़ने का वादा किया गया था, लेकिन एक दिन भी पूरी मात्रा नहीं दी गई।

25 फरवरी को नहरबंदी खत्म होने वाली है। यदि बीकानेर कैनाल में पूरा पानी नहीं छोड़ा गया तो गंगनहर क्षेत्र की फसलें तबाह हो सकती हैं।

इस मांग को लेकर किसानों ने शुक्रवार सुबह 11:30 बजे जाम कर दिया था। हालांकि साढ़े चार घंटे बाद शाम चार बजे जाम खत्म किया। किसान संगठनों ने 26 फरवरी को श्रीगंगानगर में महापड़ाव का ऐलान किया है। कलेक्ट्रेट के बाहर गंगा सिंह चौक पर हजारों की संख्या में किसान जुटेंगे और विरोध-प्रदर्शन करेंगे।

सीसी हेड पर किसान सड़क पर धरना देकर बैठे हैं। 'किसान विरोधी सरकार मुर्दाबाद' के नारे लगाते हुए किसान प्रदर्शन कर रहे हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button