जयपुर-जैनतीर्थ पर क्या दूसरे धर्म के लोगों की एंट्री बंद:सोशल मीडिया पर दावा-ID दिखाने पर ही मिल रहा प्रवेश, जानें- क्या है सच्चाई

जयपुर में आगरा रोड पर स्थित पार्श्वनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र चूलगिरी जैन तीर्थ पर दूसरे धर्म के लोगों की एंट्री बैन किए जाने की बातें सामने आईं। सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि अब मंदिर में केवल जैन समाज के लोगों को ही प्रवेश दिया जा रहा है।
गेट पर आईडी दिखाने के बाद ही एंट्री मिल रही है। इस दावे के बाद सोशल मीडिया पर विरोध भी शुरू हो गया। वायरल दावों की सच्चाई जानने के लिए भास्कर टीम चूलगिरी जैन तीर्थ पहुंची और मौके पर फैक्ट चेक किया।

सबसे पहले जानिए, वायरल वीडियो में क्या.. वायरल वीडियो में एक यूजर चूलगिरी जैन तीर्थ के एंट्री पॉइंट पर खड़ा नजर आता है। वीडियो में युवक कहता है कि जब वह चूलगिरी आ रहा था, तो गेट पर बेरिकेडिंग लगी हुई थी और वहां आईडी कार्ड चेक किया जा रहा था।
यूजर के मुताबिक, गेट पर उससे यह पूछा गया कि वह जैन है या नहीं और बताया गया कि सिर्फ जैन होने पर ही ऊपर जाने की अनुमति दी जाएगी, नहीं तो वहीं से वापस लौटना होगा।
वीडियो में युवक कहता है कि ऐसी ही व्यवस्था सम्मेद शिखरजी, गिरनारजी और बाहुबलीजी जैसे अन्य जैन तीर्थस्थलों पर भी लागू की जानी चाहिए।
अगर हर जगह बिना आईडी चेक के एंट्री नहीं दी जाए और कमेटी के जरिए व्यवस्था लागू हो, तो जैन समाज के लोगों को परेशानी नहीं होगी और जैन तीर्थ सुरक्षित रहेंगे।




