धोनी ने जयपुर में अपनी एकेडमी में खिलाड़ियों को दिए-टिप्स:रामबाग पैलेस में किया विशेष शूट; माही 2 दिन के ट्रिप के बाद शहर से रवाना

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी दो दिन जयपुर में रहे। इस दौरान धोनी ने शहर के होटल रामबाग पैलेस में विशेष शूट में हिस्सा लिया। वहीं वैशाली नगर में गांधी पथ स्थित एमएस धोनी क्रिकेट एकेडमी पहुंचकर युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
दो दिवसीय जयपुर दौरे के बाद रविवार को महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई के लिए रवाना हो गए।


तीन वर्ष से चल रही शहर में एकेडमी जयपुर के वैशाली नगर गांधी पथ में महेंद्र सिंह धोनी के नाम से तीन वर्ष से क्रिकेट एकेडमी चल रही है। महेंद्र सिंह धोनी रविवार को पहली बार खुद एकेडमी में पहुंचे। धोनी को अपने बीच पाकर युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
एकेडमी में मौजूद खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए धोनी ने उन्हें बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, फिटनेस और निरंतर अभ्यास के महत्व के बारे में भी बताया। इस दौरान धोनी ने युवा क्रिकेटरों के साथ फोटोग्राफ भी क्लिक करवाए और उन्हें ऑटोग्राफ देकर प्रोत्साहित किया।
धोनी की मौजूदगी से एकेडमी का माहौल उत्साह से भर गया। खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ ने इसे यादगार पल बताया और कहा कि धोनी से मिले मार्गदर्शन से खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
रामबाग पैलेस में किया विशेष शूट इससे पहले जयपुर प्रवास के दौरान धोनी ने होटल रामबाग पैलेस में विशेष शूट में भी हिस्सा लिया। एकेडमी विजिट के बाद रविवार शाम को महेंद्र सिंह धोनी जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वे चेन्नई के लिए रवाना हो गए। धोनी के जयपुर दौरे से शहर के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।



