सुल्तानपुर में छात्रा से गैंगरेप का आरोपी आजम ढेर:100 दिन में 15वें बदमाश का एनकाउंटर; 1 लाख का इनामी, 17 मुकदमे थे

यूपी के सुल्तानपुर में एक लाख का इनामी बदमाश आजम खां उर्फ तालिब एनकाउंटर में ढेर हो गया। पुलिस को इनपुट मिला था कि आजम (26) किसी वारदात की फिराक में है। इसके बाद पुलिस ने लंभुआ के दियरा पुल पर घेराबंदी की।
बाइक से आते दिखने पर पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आजम ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसे लग गई, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
आजम पर गैंगरेप समेत कुल 17 आपराधिक मामले दर्ज थे। सभी मुकदमे लखीमपुर खीरी और गोला में दर्ज हैं। आजम लखीमपुर खीरी के फरधान थाना क्षेत्र का रहने वाला था। लंबे समय से फरार चल रहा था। यूपी में 100 दिन में 15वां बदमाश एनकाउंटर में ढेर हुआ है। इस हिसाब से यूपी पुलिस औसतन हर हफ्ते एक एनकाउंटर कर रही है।
पहले 3 तस्वीरें देख लीजिए…



पहले सिलसिलेवार तरीके से पूरा घटनाक्रम समझ लीजिए…
- सुल्तानपुर और लखीमपुर खीरी पुलिस ने ऑपरेशन चलाया: सुल्तानपुर एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि थाना लंभुआ क्षेत्र में एक खतरनाक अपराधी तालिब उर्फ आजम खां पुत्र गफ्फार खां निवासी गौरिया, थाना फरधान, जनपद खीरी की गतिविधियों का पता चला। तुरंत ही सुल्तानपुर और लखीमपुर खीरी पुलिस ने मिलकर इलाके की घेराबंदी की।
- पुलिस पर फायरिंग, जवाबी एक्शन में गोली लगी, फिर मौत: इस दौरान अपराधी ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। आजम को गोली लगी। वो घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। इस पर 1 लाख रुपये का ईनाम भी घोषित था। पूरे मामले में पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
अब बदमाश तालिब के बारे में जान लीजिए…
- तालिब के पिता गफ्फार ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी से उसके दो बेटे थे- वहाब और गुड्डू। दूसरी पत्नी से तालिब और उसकी दो बहनें हैं। दोनों बहनों में से एक की शादी गांव में ही हुई, जबकि दूसरी बहन अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। तालिब ने लव मैरिज की थी। उसकी 2 साल की एक बेटी भी है।
- ग्रामीणों के मुताबिक, तालिब ने गांव में कई लड़कों को बिगाड़ दिया था। पहले परिवार मेहनत-मजदूरी करके जीवन यापन करता था, लेकिन तालिब के अपराध की दुनिया में बढ़ने और सक्रिय होने के बाद वह पास-पड़ोस के लोगों को भी अपराध में शामिल होने के लिए पैसा देता था।

15 दिसंबर को तालिब ने साथियों के साथ मिलकर छात्रा से किया था रेप
- फरधान थाना क्षेत्र में रहने वाली छात्रा 15 दिसंबर को अपनी सहेली के साथ सुबह कोचिंग जा रही थी। लखीमपुर बेहजम रोड पर लीलाकुआं के पास उसको बाइक सवार तीन बदमाश सलमान, मुख्तार और तालिब ने रोक लिया। सड़क किनारे गन्ने के खेत में ले गए।
- तीनों ने छात्रा के साथ रेप किया। पीड़ित आरोपियों को पहचानती नहीं थी। उसने शक के आधार पर केस दर्ज कराया। पुलिस ने अपनी छानबीन के दौरान आरोपियों की पहचान की। आरोपियों को पकड़ने के लिए फरधान पुलिस के अलावा एसओजी को भी लगाया गया था।

20 दिसंबर को दो साथियों को पुलिस ने एनकाउंटर में पकड़ा 20 दिसंबर की देर रात पुलिस को घटना में शामिल दो आरोपियों सलमान और मुख्तार की लोकेशन अमन लाला गांव के पास नहर पटरी पर मिली थी। पुलिस ने घेराबंदी की। आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पहचान सलमान उर्फ दानिश निवासी कोढैया थाना फरधान और मुख्तार निवासी भुड़वार थाना गोला के रूप में हुई।