रेलवे कर्मचारी की हत्या, 30 मिनट तड़पता रहा:मेरठ में ड्यूटी जाते वक्त बदमाशों ने रोका, सीने पर 10 बार चाकू मारे

मेरठ में बाइक सवार रेलवे कर्मचारी विवेक कुमार की ड्यूटी जाते वक्त हत्या कर दी गई। देर रात सरेराह उस पर तीन बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। फिर खून से लथपथ विवेक को सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।
घायल हालत में विवेक करीब आधे घंटे तक तड़पता रहा। उसके सीने और गर्दन से लगातार खून बह रहा था। उसे हिचकियां आ रही थीं। वहां से गुजरते लोगों की नजर विवेक पर पड़ी। उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। पहुंची ने रेलवे कर्मचारी को पहले सीएचसी भिजवाया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान रेलवे कर्मचारी की मौत हो गई। पुलिस की टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी हुई हैं। घटना रविवार की देर रात करीब 10.30 बजे मुंडाली थाना क्षेत्र की है।

अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए…
- ड्यूटी पर जा रहा था युवक: पुलिस के मुताबिक, विवेक (35) मेरठ के खरखौदा रेलवे स्टेशन पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात था। वह भावनपुर थाना क्षेत्र के बक्सर का रहने वाला है। उसके पिता का नाम महेंद्र है। रविवार देर शाम विवेक रोज की तरह ड्यूटी पर जाने के लिए बाइक से निकला था।
- बदमाशों ने ओवरटेक कर बाइक रुकवाई: मुंडाली-अजराड़ा संपर्क मार्ग पर एक बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर उसकी बाइक रुकवा ली। इसके बाद आरोपियों ने विवेक के साथ मारपीट की और चाकू से उसके सीने और गले पर करीब 10 से ज्यादा वार किए। वारदात के बाद जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक हमलावर मौके से फरार हो गए।
- परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल: विवेक पर हमले की सूचना पुलिस ने परिजनों को दी। वे मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन तब तक विवेक की मौत हो चुकी थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उन्होंने हंगामा कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह उन्हें शांत कराया। परिजनों ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

4 साल पहले हुई थी शादी विवेक तीन भाइयों और एक बहन में शामिल था। विवेक का बड़ा भाई रोहित नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करता है। विवेक और विकास जुड़वा भाई थे। विकास रोडवेज में संविदा परिचालक के पद पर कार्यरत है। परिवार में मां ओमलता का पहले ही निधन हो चुका है। विवेक की शादी 4 साल पहले मानपुर गांव निवासी गुंजन से हुई थी। दंपती की डेढ़ साल की एक बेटी है। विवेक की मौत के बाद से उसकी पत्नी गुंजन सदमे में है।
महेंद्र बोले-1 घंटे बाद ही आया फोन विवेक की मौत के बाद पिता महेंद्र भी सदमे में हैं। उन्होंने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। विवेक करीब छह साल पहले रेलवे में की-मैन के पद पर भर्ती हुआ था। बीते लगभग दो वर्षों से उसकी नाइट ड्यूटी चल रही थी। रविवार शाम भी वह ड्यूटी के लिए घर से निकला था, लेकिन करीब डेढ़ घंटे बाद ही घटना की सूचना परिवार को मिल गई।
परिजन सीधे मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन तब तक विवेक दम तोड़ चुका था।
लूट के इरादे से नहीं हुई हत्या पुलिस को विवेक की जेब से उसका मोबाइल फोन बरामद हुआ है। इसके अलावा गले में पहनी सोने की चेन भी सुरक्षित मिली है। उसकी जेब में पर्स भी मौजूद था। इन तथ्यों से साफ है कि विवेक की हत्या लूट के इरादे से नहीं की गई। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह तलाशने में जुटी हुई है।