लातेहार में सामाजिक कार्यकर्ता रूबी कुमारी की मौत:धान कुटाई मशीन की चपेट में आने से हुआ हादसा, विधायक ने कहा- मशीन संचालक की लापरवाही

लातेहार जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र के मंगरा गांव में एक हादसे में सामाजिक कार्यकर्ता रूबी कुमारी की मौत हो गई। सोमवार शाम धान कुटाई के दौरान वह मशीन की चपेट में आ गईं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई।
रूबी कुमारी बाल विवाह रोकने, दहेज प्रथा के खिलाफ और अंधविश्वासों के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाने के लिए क्षेत्र में जानी जाती थीं। उनकी असमय मौत से पूरे प्रखंड में शोक की लहर फैल गई है।
मशीन के नजदीक जाने पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम रूबी कुमारी अपने घर के पास धान की कुटाई कर रही थीं। मशीन के नजदीक जाने पर वह अचानक उसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलने पर विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह पिंटू सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरवाडीह ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मनिका विधायक रामचंद्र सिंह सदर अस्पताल पहुंचे
इधर, घटना की जानकारी मिलने पर मंगलवार को मनिका विधायक रामचंद्र सिंह सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया, साथ ही हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि रूबी कुमारी समाज के लिए प्रेरणास्रोत थीं और उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। उन्होंने इस घटना के लिए मशीन संचालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। विधायक के अनुसार, धान कुटाई के समय मशीन संचालक को मौके पर मौजूद रहना चाहिए था। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, मंडल अध्यक्ष फूलचंद यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।



