झारखंड

साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार:फर्जी कस्टमर केयर कर्मी बनकर लोगों से करते थे धोखाधड़ी, 10 सिम कार्ड भी बरामद

गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना गिरिडीह की टीम ने गांडेय थाना क्षेत्र के कछेल ग्राम स्थित तेलखरी जंगल के पास छापेमारी की।

इस कार्रवाई में फर्जी कस्टमर केयर बनकर साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में साइबर थाना में कांड संख्या 43/25 दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुर्शीद अंसारी (25), निवासी धरलेट्टो, थाना गांडेय, जिला गिरिडीह; आलमगीर अंसारी (25), निवासी चेतनारी, थाना पथरोल, जिला देवघर; और मो. सराफत अंसारी (25), निवासी पिंडरी, थाना सारठ, जिला देवघर के रूप में हुई है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, 2 मोटरसाइकिल, 2 एटीएम कार्ड, 1 आधार कार्ड, 1 पैन कार्ड और 1 ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गूगल साइट पर फर्जी मोबाइल नंबर अपलोड करते थे। खुद को फोनपे, पेटीएम, डेबिट कार्ड कस्टमर केयर कर्मी, सैमसंग सर्विस, एसी सर्विस और गीजर इंस्टॉलेशन सर्विस का अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेते थे।

जैसे ही कोई व्यक्ति इन फर्जी नंबरों पर कॉल करता था, आरोपी तकनीकी समस्या का बहाना बनाकर उससे गोपनीय जानकारी हासिल करते और फिर ठगी को अंजाम देते थे।

इसके अतिरिक्त, आरोपी एचडीएफसी सहित अन्य बैंकों के अधिकारी बनकर पासबुक अपडेट कराने और एटीएम कार्ड भेजने के नाम पर भी लोगों को कॉल करते थे।

वे विभिन्न बैंकों और डिजिटल वॉलेट के फर्जी .apk फाइल के लिंक भेजकर पीड़ितों के मोबाइल को अपने नियंत्रण में ले लेते थे। इसके बाद उनके बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे। वे फर्जी एटीएम और सिम कार्ड उपलब्ध कराने का काम भी करते थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button