43.5 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार:पलामू में घर से करता था मादक पदार्थ का कारोबार, बोरे में भरकर रखा था गांजा

पलामू के तरहसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 43.5 किलोग्राम कच्चा गांजा बरामद किया गया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस को 14 दिसंबर की रात करीब 11:15 बजे गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, तरहसी थाना अंतर्गत ललगाड़ा गांव निवासी जयराम उरांव अपने घर में मादक पदार्थ (कच्चा गांजा) रखकर उसे सुखाकर बेचता था।
एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया
सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरीय पुलिस पदाधिकारियों को अवगत कराया गया। वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर एसडीपीओ पांकी मनोज कुमार झा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
इस दल ने ग्राम ललगाड़ा स्थित जयराम उरांव के घर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर के भीतर गांजा जैसा दिखने वाला मादक पदार्थ का एक बड़ा ढेर बरामद हुआ, जो कच्चे रूप में था। बरामद मादक पदार्थ को पांच प्लास्टिक बोरा और एक जूट के बोरा में भरकर तौला गया, जिसका कुल वजन करीब 43.5 किलोग्राम पाया गया।
बरामदगी के आधार पर तरहसी थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी जयराम उरांव को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।



