श्योपुर। विजयपुर क्षेत्र के नितनवास गांव के पास एक चीता घायल अवस्था में मिलने से वन विभाग में हलचल मच गई। उसके पैर में गंभीर चोट लगी है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायल वन्यजीव की हालत को देखते हुए उसे ट्रेंकुलाइज करके उपचार के लिए कूनो नेशनल पार्क लाने की तैयारी की जा रही है। चीते के घायल मिलने की सूचना के बाद वन विभाग की टीम उसे सुरक्षित तरीके से उपचार केंद्र तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की गई, ताकि समय रहते चिकित्सकीय मदद मिल सके। हालांकि, चीते को चोट कैसे लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। उसके किसी अन्य वन्यजीव से संघर्ष, दुर्घटना या किसी दूसरी वजह से घायल होने की पुष्टि भी नहीं हुई है।

इस मामले में एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि वन विभाग के अधिकारी फिलहाल घायल चीते के नाम और पहचान को लेकर जानकारी साझा नहीं कर रहे हैं। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि घायल वन्यजीव कूनो में रह रहे किस चीते में से है। उसकी पहचान और चोट की वास्तविक वजह सामने आने के लिए चिकित्सकीय परीक्षण तथा विभागीय जांच का इंतजार है। कूनो पहुंचने के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जाएगा। फिलहाल प्राथमिकता उसे सुरक्षित तरीके से पार्क तक पहुंचाकर आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराने की है। चीते की चोट कितनी गंभीर है और उपचार के बाद उसकी स्थिति में कितना सुधार होता है, इस पर वन विभाग की आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी।


Comments
Be the first to comment on this story.