भोपाल। छोला थाना क्षेत्र के शंकर नगर में रविवार रात एक मकान में आग लगने से महिला की जलकर मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर घटना में खुदकुशी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार रानी पंथी अशोकनगर की रहने वाली है और भोपाल में भी परिवार का एक घर है। उसके पिता इन दिनों भोपाल के एक अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें देखने के लिए रानी भोपाल आई थी। उसका पति संजू संतदेव करीला मेले में मौजूद था।

रविवार रात पिता को देखकर रानी छोला क्षेत्र के शंकर नगर स्थित अपने मकान पर पहुंची थी। एक कमरे के इस मकान में रात करीब आठ बजे आग लग गई। पड़ोसियों ने घर से धुआं उठता देखा तो वे मदद के लिए पहुंचे। बताया जा रहा है कि घर के अंदर से कुंडी लगी थी। लोगों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। पड़ोसियों ने फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी। हालांकि, आग पर काबू पाने से पहले ही रानी की मौत हो गई।


Comments
Be the first to comment on this story.