कटनी। सराफा बाजार में करीब 20 लाख रुपये की नकली चांदी देकर इतनी ही कीमत के सोने के जेवर हासिल करने का मामला सामने आया है।चांदी की असलियत सामने आने के बाद सराफा कारोबारियों में हड़कंप मच गया। ठगी का शिकार कारोबारी शिकायत लेकर कोतवाली थाने पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सराफा बाजार में सचिन नाम एक व्यक्ति चांदी लेकर पहुंचा था। उसने चांदी की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई और इसके बदले सोने के जेवर लेने की बात कही।कारोबारी ने चांदी को असली मानकर उसके बदले करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण दे दिए। लेन-देन के बाद जब चांदी की शुद्धता की जांच कराई गई तो मामला उलट निकला। जांच में चांदी नकली या निर्धारित शुद्धता की नहीं पाई गई।

चांदी के नकली होने की जानकारी मिलते ही कारोबारी के होश उड़ गए। आरोपी द्वारा दिए गए माल और लिए गए सोने के जेवर की कीमत में बड़ा अंतर सामने आने पर कारोबारी ने इसकी सूचना अन्य सराफा व्यापारियों को दी। इसके बाद बाजार में भी इस घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई।पीड़ित कारोबारी पुलिस शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा। पुलिस अब आरोपी की पहचान, उसके द्वारा लाई गई चांदी की जांच और सोने के जेवर लेकर जाने के बाद उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। घटना के बाद सराफा कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है और कारोबारियों को कीमती धातुओं की खरीद-बिक्री से पहले उनकी शुद्धता की दोबारा जांच करने की जरूरत महसूस हुई है।


Comments
Be the first to comment on this story.