भोपाल। बीना रेलवे स्टेशन पर यार्ड रीमाडलिंग के बाद लाइन और प्लेटफार्म की अनुपलब्धता के कारण ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। इसका असर भोपाल और आसपास के क्षेत्रों से बीना, खुरई, कटनी, ललितपुर और कोटा जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। रेलवे ने चार मेमू ट्रेनों को 17 से 25 अक्टूबर तक निरस्त किया है। वहीं, 11 एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं और 14 ट्रेनों के प्रारंभिक या गंतव्य स्टेशन में बदलाव किया गया है।
भोपाल से बीना जाने और वहां से लौटने वाले यात्रियों को विशेष सावधानी रखनी होगी। भोपाल–बीना मेमू (61631 और 11605) निर्धारित अवधि में मंडी बामोरा तक ही चलेगी। वहीं, बीना–भोपाल मेमू (11606 और 61632) मंडी बामोरा से प्रारंभ होगी। ऐसे में यात्रियों को बीना तक पहुंचने या वहां से आगे जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है।

बीन–रूठियाई मेमू (61611), रूठियाई–बीना मेमू (61612), बीना–रूठियाई मेमू (61625) और रूठियाई–बीना मेमू (61626) के 17 से 25 अक्टूबर तक कुल नौ-नौ फेरे निरस्त रहेंगे। बांद्रा टर्मिनस–मुजफ्फरपुर (19053), मुजफ्फरपुर–सूरत (19054), गोरखपुर–ओखा (15045), ओखा–गोरखपुर (15046), अहमदाबाद–दरभंगा (19165), दरभंगा–अहमदाबाद (19166), अहमदाबाद–बनारस सिटी (19167) और बनारस सिटी–अहमदाबाद (19168) एक्सप्रेस निर्धारित तारीखों पर महादेवखेड़ी, मालखेड़ी और आगासोद के रास्ते बीना को बायपास करेंगी।


Comments
Be the first to comment on this story.