गाजीपुर में करोड़पति होटल कारोबारी के बेटे की हत्या के आरोपी कमलेश एनकाउंटर में ढेर:गाजीपुर में SOG प्रभारी को गोली लगी; कटरा गैंग ने रंगदारी न देने पर हत्या की थी

गाजीपुर में करोड़पति होटल कारोबारी के बेटे की हत्या के आरोपी कमलेश चौधरी बिंद को STF ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। SOG प्रभारी रोहित मिश्रा को भी गोली लगी है।
यह मुठभेड़ बुधवार देर शाम सदर कोतवाली के कुर्था में हुई। लखनऊ STF गाजीपुर में दो दिन से डेरा डाले थी। मंगलवार को वाराणसी रेंज के DIG वैभव कृष्ण ने चारों नामजद आरोपियों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
29 मई की रात 4 नकाबपोश बदमाशों ने होटल मालिक आलोक राय के बेटे विनीत को होटल के गेट पर घेरकर चार गोलियां मारी थीं। हमला उस वक्त हुआ था, जब विनीत घर के लिए निकल रहे थे। वह गाड़ी की तरफ बढ़ रहे थे, तभी बदमाशों ने दो पिस्टल से विनीत पर फायरिंग शुरू कर दी। हाथ और कमर में एक-एक गोली लगी, जबकि सीने में दो गोलियां मारी थीं।
इस हत्या की प्लानिंग वॉट्सएप ग्रुप ‘कटरा गैंग’ पर हुई थी। एक करोड़ की रंगदारी न देने पर विनीत की हत्या की गई थी। हत्या में शामिल शंकर पांडेय, सोनू यादव और मोनू त्रिपाठी फरार हैं। शंकर पांडेय मुख्य आरोपी है। वह कटरा गैंग चलाता है।

अब 3 पॉइंट में जानिए पूरा मामला…
1- नकाबपोश बदमाशों ने पहले बियर मांगी, फिर फायरिंग की गाजीपुर में सदर कोतवाली क्षेत्र में ‘बिंदु होटल’ नाम से आलोक राय का लग्जरी होटल है। कारोबार में आलोक के भाई अरविंद राय भी पार्टनर हैं। होटल की कीमत करीब 20 करोड़ रुपए होगी। 2012 में दोनों भाइयों ने मिलकर एक बीघे जमीन में होटल बनवाया था। इसमें 50 कमरे हैं।

आलोक राय के दो बेटे विनीत और आदेश (27) थे। एमएससी और डी.फार्मा करने के बाद विनीत ही होटल का मैनेजमेंट संभालता था। वह होटल का रेनोवेशन करवा रहा था। उसकी शादी पिछले साल 18 मई को हुई थी।
29 मई, शुक्रवार को विनीत होटल में ही था। रात 11 बजे वह होटल में डिनर कर घर के लिए निकला, लेकिन गेट पर ही उसे कुछ काम याद आ गया। वह फिर होटल के अंदर चला गया। इसी बीच, दो बाइक पर सवार चारों बदमाश पहुंचे। उन्होंने गेट पर खड़े गार्ड शंभू से पूछा- बियर मिलेगी? जवाब में शंभू ने कहा-हां, मिलेगी।

इसके बाद बदमाशों ने कहा- 16 बियर चाहिए। इस पर शंभू ने कहा- पहले पैसे दीजिए। बदमाशों ने कहा कि ऑनलाइन पेमेंट करेंगे। इसके बाद शंभू होटल मैनेजर का फोन लेकर आया, क्यूआर कोड दिखाया और पेमेंट करने को कहा। इस पर बदमाश बोले कि 16 नहीं, सिर्फ 8 बियर चाहिए। गार्ड ने बताया कि अब एक्स्ट्रा पैसे लगेंगे। इसी दौरान विनीत होटल से बाहर निकले और अपनी कार की तरफ बढ़े। तभी बदमाशों ने कमर से पिस्टल निकाली और विनीत को घेर लिया।
2- जान बचाकर भागे तो सीने में मारीं दो गोलियां दो बदमाशों ने पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली विनीत के दाएं हाथ में लगी। विनीत जान बचाकर भागे तो बदमाशों ने कमर में गोली मार दी। जैसे ही वह लड़खड़ाए, सीने में दो गोलियां मार दीं। इसके बाद विनीत वहीं गिर पड़े।

3- प्रत्यक्षदर्शी गार्ड को भी मारने के लिए दौड़ाया इसके बाद बदमाशों ने गार्ड को भी मारने के लिए दौड़ाया। वह भागकर होटल के अंदर चला गया और होटल का चैनल बंद कर लिया। गार्ड शंभू ने अंदर जाकर विनीत के पिता आलोक राय को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही आलोक राय अपने भाई अरविंद और परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि गेट पर ही उनका बेटा विनीत लहूलुहान हालत में पड़ा था। आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता बोले- कुख्यात अपराधी शंकर ने बेटे की हत्या की होटल कारोबारी आलोक राय ने बताया, “कुख्यात अपराधी शंकर पांडे ने अपने चार-पांच साथियों के साथ मिलकर मेरे बेटे की हत्या की। 2024 में इस गैंग ने मुझसे पैसे मांगे थे। जब मैंने नहीं दिए तो होटल पर हमला किया गया। आरोपियों ने होटल के शीशे और अन्य सामान तोड़ दिए थे।
मैंने डीजीपी, मुख्यमंत्री, एडीजी और एसपी समेत कई अधिकारियों से लिखित शिकायत की थी, लेकिन आरोपी के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। मैं सीएम योगी से मांग करता हूं कि इस गिरोह का सफाया किया जाए।”

पत्नी ने हाथ जोड़कर कहा था- आरोपियों का एनकाउंटर होना चाहिए विनीत की हत्या से पूरा परिवार टूट चुका है। विनीत का शव पोस्टमॉर्टम के बाद जब घर पहुंचा था तो शव देखकर पत्नी और मां बेहोश हो गई थीं। पिता भी शव से लिपटकर रोए। किसी तरह घरवालों ने उन्हें संभाला। विनीत की दो महीने की बेटी भी पिता के शव के पास मौजूद थी। वहीं घर से जब विनीत की अर्थी उठी तो पिता आलोक राय फफक पड़े।

विनीत की पत्नी अदिति राय ने हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि उनके पति को 6 गोलियां मारी गईं, जिनमें चार गोलियां लगीं और उन्हें बचने का कोई मौका नहीं मिला।
2 फोटो देखिए…


कौन है शंकर पांडेय, जिस पर हत्या का आरोप पुलिस के मुताबिक, शंकर पांडेय क्षेत्र का कुख्यात अपराधी है। वह ‘कटरा गैंग’ नाम से गिरोह चलाता है। इस गैंग में कई युवक शामिल हैं, जो लूटपाट, दबंगई और अवैध वसूली जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। गैंग एक वॉट्सएप ग्रुप के जरिए संचालित होता है। जब किसी वारदात को अंजाम देना होता है, तो ग्रुप में मैसेज आता है। इसके बाद बदमाश घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
विनीत के पिता आलोक के मुताबिक, आरोपी पिछले 2 सालों से धमकी दे रहा था। गुंडा टैक्स मांगता था। कहता था- 20 करोड़ का होटल है, 1 करोड़ रुपए दो। होटल में कई बार तोड़फोड़ भी की थी।

ये लोग सोशल मीडिया पर अपनी पहचान ‘किंग ऑफ गाजीपुर’ के रूप में रखते थे। शंकर खुद को ‘बाहुबली’ कहता था। आलोक राय का आरोप है कि कटरा गैंग ने पिछले दो साल में कई घटनाओं को अंजाम दिया है।
5 सितंबर, 2024: कपड़ा व्यापारी सचिन चौरसिया का अपहरण और जान से मारने की कोशिश।
26 नवंबर, 2024: फोटोग्राफर विपिन चौरसिया को सरेबाजार दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
12 दिसंबर, 2025: वैभव सिंह नाम के युवक पर जानलेवा हमला और पिटाई।
9 मई, 2026: झुन्नूलाल चौराहे पर शुभम चौबे को दिनदहाड़े गोली मारी।



