यूपी में हीटवेव से राहत पारा 42°C, गंगा में रेत के टीले दिखे:कानपुर-गोरखपुर समेत 5 जिलों में आंधी-बारिश, जानिए कल कैसा रहेगा मौसम

यूपी में हीटवेव से राहत है। बुधवार को कानपुर, गोरखपुर, आजमगढ़ समेत 5 जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई। गोरखपुर में बच्चों ने बारिश में भीगकर मस्ती की। बारिश से तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट आई है।
वाराणसी में गंगा नदी में कई जगह रेत के टीले दिखाई देने लगे हैं। पर्यावरण वैज्ञानिक प्रो. बीडी त्रिपाठी का कहना है कि नदी में पानी कम होने से उसका बहाव धीमा हो जाता है। इससे गाद और रेत तेजी से जमने लगती है। धीरे-धीरे नदी की गहराई कम होती जाती है और बीच नदी में बालू के टीले नजर आने लगते हैं, जैसा कि इस समय वाराणसी में दिख रहा है।
गर्मी को देखते हुए बाबा विश्वनाथ का आम के रस, दही और गंगाजल से अभिषेक किया गया। मंगलवार की बात करें तो 42 डिग्री तापमान के साथ फर्रुखाबाद सबसे गर्म शहर रहा।
मौसम विभाग ने गुरुवार को सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 60 से 80 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने की भी संभावना है।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया-

उत्तर-पश्चिम भारत में आज से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। 5 जून तक यह पूरे प्रदेश को अपनी जद में ले लेगा। इससे पश्चिमी और पूर्वी यूपी में छिटपुट बारिश की संभावना है। ओले भी गिर सकते हैं। 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। गर्मी से राहत बनी रहेगी। लू के आसार नहीं हैं। अगले 4 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा।

तस्वीरें देखिए-


प्रयागराज में सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई है।
अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम? जानिए
- 5 जून: पूरे प्रदेश में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। तापमान में खास गिरावट नहीं होगी, लेकिन लू से राहत बनी रहेगी।
- 6 जून: ज्यादातर जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। हवा में नमी रहेगी, जिससे तापमान लगभग स्थिर रहेगा। लू नहीं चलेगी।
- 7 जून: प्रदेशभर में हल्की बारिश की संभावना है। बीच-बीच में तेज धूप निकलेगी, जिससे उमस बढ़ सकती है।
- 8 जून: पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। तेज धूप निकलेगी। बारिश की कोई संभावना नहीं है।



