मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपने काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन शामिल करने का फैसला किया, रेंज 500 किमी:नंबर- VB 2047 मिला, इसका मतलब विकसित भारत बताया; आज काफिले में शामिल हुई गाड़ी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने अपील के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन शामिल करने का फैसला किया है। इसके तहत काफिले के लिए महिंद्रा की नई इलेक्ट्रिक कार XEV 9e खरीदी गई है। यह कार बुधवार से CM के काफिले का हिस्सा बन गई।
मुख्यमंत्री बुधवार शाम दिल्ली रवाना हुए। वे मुख्यमंत्री निवास से स्टेट हैंगर तक इसी इलेक्ट्रिक कार से पहुंचे। मुख्यमंत्री की नई कार का पंजीयन नंबर MP 02 VB 2047 है। नंबर प्लेट में मौजूद ‘VB’ का मतलब ‘विकसित भारत’ बताया गया है।
वहीं ‘2047’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प का प्रतीक है, जिसके तहत वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस विशेष नंबर के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग और विकसित भारत के संदेश को प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है।
कार की खासियत
महिंद्रा XEV 9e एक प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV है, जिसकी एक बार चार्ज करने पर रेंज करीब 500 किलोमीटर तक बताई जाती है। मुख्यमंत्री के काफिले में इसके शामिल होने को पर्यावरण-अनुकूल परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ये तस्वीरें देखिए…



पहले भी घटा चुके हैं काफिले की गाड़ियां
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इससे पहले भी ईंधन बचाने के लिए अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर चुके हैं। पहले काफिले में 13 वाहन चलते थे, जिसे घटाकर 7 कर दिया गया था। इसके बाद कई मंत्रियों और अधिकारियों ने भी कार-पूलिंग और कम वाहनों के उपयोग को अपनाया।

पहली बार काफिले में शामिल होगी इलेक्ट्रिक कार
मुख्यमंत्री के काफिले में पहली बार किसी इलेक्ट्रिक कार को शामिल किया जा रहा है। इसे सरकारी व्यवस्था में ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। सुरक्षा को देखते हुए वाहन से जुड़े सभी जरूरी प्रोटोकॉल पूरे कर लिए गए हैं। ड्राइवरों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है और सुरक्षा एजेंसियों ने कार की जांच भी की है।
मुख्यमंत्री के लिए खरीदी गई महिंद्रा XEV 9e एक बार चार्ज होने पर 500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर सकती है। इसमें आधुनिक सुरक्षा फीचर्स, 360 डिग्री कैमरा, पैनोरमिक सनरूफ और फास्ट चार्जिंग जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इसे महिंद्रा की सबसे आधुनिक इलेक्ट्रिक कारों में गिना जाता है।



