TRE-4 को लेकर 20 मई को बड़े प्रदर्शन की तैयारी:SDM ने शिक्षकों के साथ बैठक की; गुरु रहमान बोले- लॉ एंड ऑर्डर बनाना हमारी जिम्मेदारी

पटना में TRE-4 को लेकर 20 मई को बड़े प्रदर्शन की तैयारी है। इससे पहले मंगलवार को प्रशासन ने पटना के कई शिक्षकों और कोचिंग संचालकों के साथ बैठक की। बैठक में ASP, SDM सहित कई अधिकारी मौजूद रहें।
बैठक के दौरान प्रशासन ने शिक्षकों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चेतावनी दी। दरअसल, प्रदर्शन से पहले जिला प्रशासन को इनपुट मिला कि छात्रों का यह आंदोलन बड़ा रूप ले सकता है।
प्रशासन की ओर से साफ तौर पर कहा गया है कि अगर छात्रों की तरफ से किसी भी तरह की हिंसात्मक गतिविधि होती है और उसमें किसी शिक्षक की भूमिका सामने आती है, तो संबंधित शिक्षकों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।”
गुरु रहमान ने कहा, “कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। शिक्षक ऐसा कोई काम नहीं करेंगे, जिससे माहौल खराब हो।”
शिक्षकों को दी गई चेतावनी
उन्होंने बताया कि प्रशासन ने शिक्षकों से उनके क्लास का समय भी पूछा। शिक्षकों ने अधिकारियों को बताया कि सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक क्लास चलता है। इस पर प्रशासन ने कहा कि इसी दौरान छात्रों को पढ़ाई में व्यस्त रखा जाए, ताकि वे आंदोलन में शामिल न हों।
प्रशासन की कोशिश है कि छात्रों का प्रदर्शन बड़ा रूप न ले और स्थिति नियंत्रण में बनी रहे। रहमान सर ने आगे कहा, “इससे पहले पूर्व शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने आश्वासन दिया था कि जल्द नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ।
BPSC के एग्जामिनेशन कंट्रोलर की ओर से भी जल्द नोटिफिकेशन आने की बात कही गई थी, लेकिन अभी तक कोई घोषणा नहीं हुई।”
TRE-4 को लेकर लगातार असमंजस में हैं अभ्यर्थी
छात्रों का कहना है कि भर्ती में देरी का सीधा असर उम्र सीमा पर पड़ रहा है। हर महीने हजारों अभ्यर्थी अधिकतम आयु सीमा के करीब पहुंच रहे हैं। जिन छात्रों ने 2023-24 में तैयारी शुरू की थी, वे अब लगातार असमंजस में हैं कि भर्ती कब होगी।
कोचिंग संस्थानों के अनुसार बिहार में TRE-4 की तैयारी कर रहे छात्रों की संख्या करीब 2 लाख है। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र बड़ी संख्या में हैं, जिनके लिए सरकारी शिक्षक की नौकरी सबसे स्थिर रोजगार मानी जाती है।

इस देरी ने एक और संकट पैदा किया है। लंबे इंतजार के कारण छात्रों में मानसिक तनाव बढ़ रहा है। प्रदर्शन में शामिल कई अभ्यर्थियों ने कहा कि वे अब “भर्ती कैलेंडर नहीं, सिर्फ अंतिम नोटिफिकेशन देखना चाहते हैं।”
अभिषेक कुमार श्रीवास्तव ने कहा, ‘TRE 4 का नोटिफिकेशन जारी होना चाहिए। करीब 2.5 साल हो गए। रोज सुन रहे हैं आज होगा, कल होगा, परसो होगा। हमलोग डिप्रेशन में आ गए हैं। नई सरकार आ गई, लेकिन हमारा नोटिफिकेशन नहीं आया।’
TRE-4 परीक्षा पर क्या कह रही सरकार?
शिक्षा विभाग और BPSC की ओर से TRE-4 को लेकर अलग-अलग समय पर कई संभावित तिथियां बताई गईं। लेकिन अभी तक स्पष्ट और अंतिम आधिकारिक कैलेंडर जारी नहीं हुआ। यही भ्रम आंदोलन को बढ़ा रहा है।
सरकार की ओर से कहा गया कि TRE-4 परीक्षा सितंबर 2026 में कराई जा सकती है और रिजल्ट नवंबर तक आएगा। दूसरी ओर सितंबर 2025 में शिक्षा मंत्री ने दिसंबर 2025 में परीक्षा कराने की बात कही थी।



