इंदौर

सांवेर-उज्जैन रोड पर गुरुवार सुबह पुलिस ने तीन संदिग्ध बैगों से करीब 500 रुपए के नोटों की 566 गड्डियां बरामद की:सीसीटीवी तलाश रही पुलिस

सांवेर-उज्जैन रोड पर गुरुवार सुबह पुलिस ने तीन संदिग्ध बैगों से करीब 500 रुपए के नोटों की 566 गड्डियां बरामद की हैं। बैगों में नोटों के बीच अलग-अलग रंगों के कागज भी रखे हुए थे। शुरुआती जांच में नोट असली जैसे दिखाई दे रहे हैं, हालांकि पुलिस ने उनकी सत्यता की पुष्टि के लिए जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीण थाना पुलिस के मुताबिक सड़क किनारे लावारिस हालत में तीन बैग पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीआई गिरजाशंकर महोबिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पहले से ग्रामीणों की भीड़ जमा थी।

नोटों के बीच रखे थे रंगीन कागज

पुलिस ने जब बैग खोलकर जांच की तो ऊपर और नीचे नोटों की गड्डियां रखी मिलीं। गड्डियों को खोलकर देखने पर करीब 130 से अधिक गड्डियों में नोटों के बीच रंगीन कागज भरे हुए मिले।

टीआई महोबिया के अनुसार बरामद नोटों की गिनती कराई गई, जिसकी कुल राशि करीब 2 करोड़ 83 लाख रुपए बताई जा रही है। फिलहाल नोट देखने में पूरी तरह असली लग रहे हैं, लेकिन उनकी पुष्टि के लिए विशेषज्ञ जांच कराई जा रही है।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

एडीशनल एसपी महू रूपेश द्विवेदी ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 10 बजे एक किसान ने सड़क किनारे संदिग्ध बैग पड़े होने की सूचना पुलिस को दी थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गड्डियों के ऊपर लगे कुछ नोट असली हैं, जबकि नीचे नकली नोट और बीच में कागज रखे गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और नोटों की वास्तविकता को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध परिस्थितियों में ये बैग वहां कौन छोड़कर गया। इसके लिए हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को इस मामले की सूचना स्थानीय ग्रामीणों द्वारा दी गई थी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button