इंदौर

इंदौर के DAVV में NSUI का प्रदर्शन;रील बनाने के लिए बैरिकेड्स फांदते रहे कार्यकर्ता:6 गिरफ्तार, छात्र नेता को टांगकर ले गई पुलिस

देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के आरएनटी परिसर में मंगलवार को उस वक्त हंगामा हो गया, जब एनएसयूआई कार्यकर्ता बड़ी संख्या में विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने एनएसयूआई जिला अध्यक्ष रजत पटेल सहित 6 पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया।

एनएसयूआई पदाधिकारियों का कहना है कि यूनिवर्सिटी में लंबे समय से प्रशासनिक और शैक्षणिक समस्याएं बनी हुई हैं। रिजल्ट में देरी, कॉपियों के मूल्यांकन में गड़बड़ी और अन्य अनियमितताओं के कारण छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर सैकड़ों छात्र अपनी आवाज उठाने करने कैंपस पहुंचे थे। प्रदर्शन दोपहर 1.40 बजे शुरू हुआ था जो 2.30 बजे तक चला।

छात्र नेता को इस तरह टांगकर ले गए पुलिस कर्मी ।

प्रदर्शन के दौरान एक अजीब नजारा भी देखने को मिला। पुलिस ने बताया कि कई छात्र नेता विरोध करने से ज्यादा सोशल मीडिया के लिए रील बनाने में व्यस्त थे। कुछ छात्र नेता बार-बार बैरिकेड्स लांघने की कोशिश कर रहे थे, ताकि कैमरे में अच्छे शॉट्स आ सकें।

झूमा-झटकी के दौरान छात्र नेता के कपड़े भी फट गए।

पुलिस कर रही थी घोषणा- शालीनता से ज्ञापन दीजिए और जाइए

पुलिस को माइक पर घोषणा करनी पड़ी- आप रील के चक्कर में ऐसा मत कीजिए, शालीनता से ज्ञापन दीजिए और जाइए। छावनी बने कैंपस प्रदर्शन को देखते हुए आरएनटी परिसर में पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात था। जब छात्रों ने जबरन कैंपस के अंदर घुसने की कोशिश की तो पुलिस के साथ उनकी तीखी झड़प और झूमा-झटकी हुई।

एडिशनल डीसीपी बोले- 6 को गिरफ्तार किया, बाकी को छोड़ दिया

एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा के मुताबिक, कार्यकर्ता नारेबाजी और प्रदर्शन कर रहे थे। उन्हें लगातार समझाइश दी जा रही थी, लेकिन जब वे नहीं माने और धक्का-मुक्की करने लगे, तो एहतियात के तौर पर 6 मुख्य पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। बाकी कार्यकर्ताओं को समझाकर छोड़ दिया गया।

NSUI का रुख- निर्णायक होगी यह लड़ाई

गिरफ्तारी के बावजूद NSUI के अन्य कार्यकर्ताओं का हौसला कम नहीं हुआ। संगठन का दावा है कि जब तक विश्वविद्यालय अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं करता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस प्रदर्शन में प्रदेश, जिला और महाविद्यालय स्तर के कई बड़े पदाधिकारी शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button