आगरा में बिजली विभाग के स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया गया;सैकड़ों महिलाएं सिर पर मीटर लेकर बिजली ऑफिस पहुंचीं, बोलीं- ये बर्दाश्त नहीं

आगरा में बिजली विभाग के स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया गया। शुक्रवार को शहर से 20 किमी दूर अकोला कस्बे में सैकड़ों महिलाओं ने घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़ लिए। सिर पर मीटर लेकर गांव के बिजली ऑफिस पहुंच गईं और वहां करीब 500 मीटर तोड़ दिए।
स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिला। कई लोग बोरे में भरकर स्मार्ट मीटर लेकर पहुंचे और उन्हें फेंककर विरोध जताया। इसके बाद महिलाएं और ग्रामीण धरने पर बैठ गए। बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
महिलाओं ने कहा-
स्मार्ट मीटर उन्हें बर्दाश्त नहीं हैं। स्मार्ट मीटरों की व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से रोका जाए और बिजली बिलों में हो रही अनियमितताओं की जांच कराई जाए।




स्मार्ट मीटर का क्यों हो रहा विरोध, पढ़िए
- ग्रामीणों का कहना है कि स्मार्ट मीटर बहुत तेज चलता है। इससे कम इस्तेमाल करने पर भी ज्यादा बिल आ रहा है। यहां तक की कई बार बिना इस्तेमाल के भी बैलेंस कम हो जाता है। लोगों का कहना है कि बैलेंस माइनस में जाते ही बिजली आपूर्ति बंद हो जाती है। रिचार्ज के बाद भी कई बार सप्लाई तुरंत बहाल नहीं होती।
- स्मार्ट मीटर को कई महीनों से हो रहे विरोध के बाद प्रदेश सरकार ने सरकार को नया आदेश जारी किया था। इसके मुताबिक, 1 किलोवाट तक के कनेक्शन पर 30 दिन तक और 2 किलोवाट पर 200 रुपए माइनस होने पर भी बिजली नहीं काटने की बात कही गई थी।



