राजस्थान

ड्राईफ्रूट कारोबारी की पत्नी की हत्या:मृतका का भाई बोला- उसे मारकर फंदे पर लटकाया, ससुराल पक्ष पर मामला दर्ज

डीडवाना कुचामन जिले में ड्राईफ्रूट कारोबारी की पत्नी की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पीहर पक्ष का आरोप है कि ससुराल वालों ने हत्या कर महिला का शव फंदे से लटका दिया।

घटना जिले के नावां कस्बे में मंगलवार की शाम को हुई। ​कुचामन सीओ मुकेश चौधरी ने बताया कि हमें सूचना मिली कि एक विवाहिता निकिता(24) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।

शुरुआत में सुसाइड का मामला लग रहा था। लेकिन मृतका के भाई नवीन की रिपोर्ट पर आज पति, जेठ- जेठानी और सास-ससुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नावां हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर खड़े मृतका के परिजन।

​3 साल पहले हुई थी शादी ​भाई नवीन ने बताया कि निकिता की शादी 3 साल पहले लूणवा निवासी महावीर मीणा के साथ हुई थी। पति ड्राई-फ्रूट शहर से लाकर गांव में सप्लाई करने का बिजनेस करते हैं।

हालांकि हमें कुछ समय बाद ही पता चला कि पति सट्टेबाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में लिप्त है। इसी बात को लेकर घर में कई बार विवाद भी हुआ था। ससुराल वाले निकिता को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।

​भाई का कहना है कि मंगलवार की शाम को ससुराल से मुझे फोन आया। कहा कि निकिता ने घर में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया है। उसकी हालत नाजुक है, उसे इलाज के लिए जयपुर लेकर जा रहे हैं। लेकिन जयपुर में हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत होने की सूचना मिली।

भाई का आरोप है कि निकिता के शरीर पर चोट के निशान हैं। यह सुनियोजित हत्या है। ससुराल पक्ष के लोग घटना के बाद से ही स्थिति को घुमाने का प्रयास कर रहे हैं। महिला के एक साल की बेटी है।

मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कुचामन सीओ मुकेश चौधरी का कहना है कि शव का आज नांवा उपजिला हॉस्पिटल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवा रहे हैं। पति महावीर के साथ जेठ- जेठानी और सास- ससुर पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button