मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी ने हालात बिगाड़ दिए;भोपाल-ग्वालियर समेत 13 जिलों में बदला स्कूल टाइम,कलेक्टरों के आदेश; सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक लगेंगे

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी ने हालात बिगाड़ दिए हैं। कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। चिलचिलाती धूप और लू के बीच स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। दोपहर में घर लौटते समय बच्चे पसीने से तर-बतर हो रहे हैं, जिससे उनकी सेहत पर खतरा बढ़ गया है।
दैनिक भास्कर में प्रकाशित खबर के बाद शिक्षा विभाग अलर्ट मोड पर आया। भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, बालाघाट, मैहर, रतलाम, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, रायसेन, डिंडौरी, झाबुआ, अनूपपुर और उमरिया समेत 13 जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।
कलेक्टरों ने आदेश जारी कर स्कूलों की टाइमिंग सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे या 12:30 बजे तक तय की है। प्रशासन के मुताबिक, यह फैसला बच्चों को भीषण गर्मी और लू से बचाने के लिए लिया गया है। हालांकि, कई जिलों में हालात अब भी चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।
खजुराहो में पारा 43 डिग्री के पार, भोपाल-इंदौर भी गर्म
छतरपुर के खजुराहो में पारा सबसे ज्यादा 43.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं, उमरिया में 42.9 डिग्री, टीकमगढ़-नौगांव में 42.8 डिग्री, नौगांव में 42.6 डिग्री, मंडला में 42.5 डिग्री, दमोह, गुना-दतिया में 42.2 डिग्री, सागर-सतना में तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं छिंदवाड़ा में 41.6 डिग्री, नर्मदापुरम-शाजापुर में 41.4 डिग्री, सीधी, नरसिंहपुर, रीवा-मलाजखंड में तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं 5 बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में सबसे ज्यादा 42 डिग्री रहा। भोपाल-ग्वालियर में 41.3 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री, उज्जैन में 40.5 डिग्री दर्ज किया गया।





