मध्य प्रदेश

रतलाम जिले के करमदी ग्राम पंचायत अंतर्गत मथुरी तालाब में मिले दो शव:करमदी पंचायत क्षेत्र का मामला; शंकर और मुन्ना के रूप में हुई पहचान, दोनों थे दोस्त

रतलाम जिले के करमदी ग्राम पंचायत अंतर्गत मथुरी तालाब में शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे दो युवकों के शव उतराते हुए मिले। शव दिखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही माणकचौक थाना प्रभारी पातीराम डावरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से दोनों शव बाहर निकाले गए और दोपहर करीब 4 बजे शव वाहन से रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजे गए।

मृतकों की पहचान शंकर (35) पिता कालू भाभर निवासी बजरंग नगर और मुन्ना (30) पिता धन्नालाल निनामा निवासी दिलीप नगर, रतलाम के रूप में हुई है। पहचान होते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बताया जाता है कि दोनों ही पुराने दोस्त थे।

मुन्ना 3-4 दिन से था लापता, मजदूरी करता था

मुन्ना के पिता ने बताया कि वह पिछले 3-4 दिनों से घर से गायब था। मजदूरी के लिए अक्सर बाहर रहता था, इसलिए शुरुआत में ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। पिता के अनुसार बेटा 10 साल की सजा काटकर आया है। एक माह पहले ही जेल से बाहर आया था। पिता भी मजदूरी करते हैं घर में एक बड़ा भाई दो बहने हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक आपस में दोस्त थे। वे तालाब तक कब और कैसे पहुंचे और घटना कैसे हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।

3 दिन पहले मोटर चोरी की कोशिश, कनेक्शन की जांच

ग्रामीणों के अनुसार 15 अप्रैल की रात तीन लोग तालाब किनारे मोटर चोरी करने आए थे। एक को पकड़कर पुलिस को सौंपा गया था, जबकि दो फरार हो गए थे। अब शव मिलने के बाद ग्रामीण इस घटना से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में स्पष्ट कुछ नहीं कहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button