बूंदी में 8 साल के मासूम ने रुकवाया बाल विवाह, चाइल्डलाइन पर मांगी थी मदद;’प्लीज मेरी दोस्त की शादी रुकवा दीजिए-वह बहुत छोटी है’
“भैया/दीदी, प्लीज मेरी दोस्त की शादी रुकवा दीजिए। वह अभी बहुत छोटी है। हम साथ खेलते हैं, स्कूल जाते हैं। उसे शादी नहीं करनी, उसे पढ़ना है।”

फोन पर यह कहना था 8 साल के उस मासूम का, जिसे अपनी दोस्त की शादी रुकवानी थी। अपनी दोस्त का बाल विवाह रुकवाने के लिए उस मासूम बच्चे ने चाइल्डलाइन 1098 पर फोन कर मदद मांगी। मदद मिली भी और आखिरकार उसके दोस्त का बाल विवाह नहीं हुआ।
सूचना के बाद हुई त्वरित कार्रवाई यह पूरा घटनाक्रम है बूंदी जिले का। बच्चे का फोन आने के बाद और मिली सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चाइल्डलाइन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर 2 बालिकाओं का बाल विवाह रुकवाया।
2 बाल विवाह रुकवाये गए चाइल्डलाइन के जिला समन्वयक रामनारायण गुर्जर ने बताया कि बच्चे की फोन पर मिली सूचना के बाद केस वर्कर अर्चना मीणा के साथ दबलाना थाना क्षेत्र पहुंचे। जहां मौके पर पता चला कि कक्षा 5 में पढ़ने वाली 8 वर्षीय बालिका का बाल विवाह किया जा रहा था। उसके साथ एक 16 वर्षीय बालिका का भी बाल विवाह हो रहा था।
दोनों बालिकाओं को सुरक्षित आश्रय दिया गया चाइल्डलाइन टीम ने दबलाना थानाधिकारी प्रिया व्यास से सहायता मांगी। थानाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों बालिकाओं को चाइल्डलाइन 1098 टीम के साथ बालिका समिति अध्यक्ष सीमा पोद्दार के समक्ष पेश किया। इसके बाद दोनों बालिकाओं को सुरक्षित अस्थायी आश्रय प्रदान किया गया।



