कुत्ते ने 7साल के बच्चे की आंख के पास काटा:हाथ और गर्दन पर भी किया हमला, गुस्साए परिवार ने कुत्ते को पीटकर मार डाला

अलवर शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक 7 साल के मासूम पर आवार कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। हमले में बच्चे के गाल, गर्दन और हाथ पर गहरे घाव आए, जबकि उसकी आंख बाल-बाल बच गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने कुत्ते को लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला।
घटना अलवर शहर के पास जटियाना गांव में रविवार शाम की है। गंभीर हालत में मासूम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां घायल बच्चे का इलाज जारी है। हॉस्पिटल के मुताबिक, अलवर जिला अस्पताल में औसतन हर महीने 250 से 300 डॉग व कैट बाइट के केस आते हैं

घायल बच्चे के दादा हसन खान ने बताया कि गांव में खेत के बाहर मासूम खेल रहा था। तभी आवारा कुत्ते ने बच्चे पर अचानक हमला कर दिया। उसके गाल, हाथ व गर्दन पर काट लिया। गाल पर गंभीर घाव है। जब कुत्ते ने अटैक किया तब पास से गुजर रही एक महिला ने लाठी से कुत्ते को भगाया। उसके बाद गांव के लोग आए तो कुत्ते ने उन पर भी अटैक किया।

भगाने गए लोगों पर कुत्ते ने किया हमला
दादा ने बताया कि जब वह कुत्ते को भगाने आया तो उस पर भी हमला कर दिया, लेकिन वह घर में घुस गया। बाद में परिवार के लोगों को बुलाया। फिर सबने मिलकर कुत्ते को मार दिया। वरना वह दूसरे लोगों को काट लेता। कुछ देर तक गांव में दहशत का माहौल हो गया। लोग घरों में घुस गए।
मुश्किल से आंख बची
उन्होंने बताया कि बालक को कुत्ते ने बुरी तरह काट लिया। जिसे देखा भी नहीं जा रहा। मुश्किल से बच्चे की आंख बची है। वरना आंख खराब हो जाती। बच्चे का रो-रोकर बुरा हाल है।



