जोधपुर रेलवे स्टेशन पर सतर्कता से टला बड़ा हादसा;चलती ट्रेन से गिरी यात्री, RPF महिला कॉन्स्टेबल ने बचाया-

जोधपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को बड़ा हादसा होने से टल गया। इसका वीडियो मंगलवार देर शाम को सामने आया। साबरमती-जम्मूतवी एक्सप्रेस में चढ़ने के प्रयास में एक महिला यात्री का पैर फिसल गया। वह प्लेटफॉर्म और चलती ट्रेन के बीच गिर गई। वहां मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महिला कॉन्स्टेबल नवीन ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत यात्री को बाहर खींचकर नया जीवनदान दिया।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा ने बताया- यह घटना सोमवार को जोधपुर स्टेशन की है। जब गाड़ी संख्या 19223 साबरमती-जम्मूतवी एक्सप्रेस स्टेशन से रवाना हो रही थी, तभी महिला यात्री शहनाज बानो ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। इसी प्रयास में वह अचानक फिसल गईं।

महिला यात्री को नहीं आई चोट
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा ने बताया- घटना होते ही प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी दे रहीं आरपीएफ महिला कॉन्स्टेबल नवीन ने बिना देरी किए साहस का परिचय दिया। उन्होंने फुर्ती दिखाते हुए यात्री को सुरक्षित बाहर खींच लिया। इस कारण गंभीर हादसा टल गया। गनीमत रही कि महिला यात्री शहनाज बानो को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। शर्मा ने बताया- बाद में महिला को दूसरी ट्रेन में बैठाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
डीआरएम ने की नकद पुरस्कार की घोषणा
डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने आरपीएफ कॉन्स्टेबल नवीन के उत्कृष्ट और साहसिक काम की सराहना की। डीआरएम ने बचाव कार्य वाली कॉन्स्टेबल नवीन को उनकी सतर्कता के लिए नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।
घटना के बाद डीआरएम त्रिपाठी ने सभी यात्रियों से सुरक्षा नियमों को लेकर विशेष अपील की। उन्होंने यात्रियों से आग्रह किया कि वे किसी भी स्थिति में चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी जल्दबाजी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए यात्रा के दौरान रेलवे के सुरक्षा नियमों का पूरी तरह से पालन सुनिश्चित करें।



