
उदयपुर में थ्रेसर मशीन में फंसने से 17 साल की नाबालिग की मौत हो गई। मशीन में गेहूं की पुली डालते समय नाबालिग का दुपट्टा अचानक मशीन में आ गया। दुपट्टे के साथ उसका सिर मशीन के अंदर धीरे-धीरे खिंचता चला गया।
कुछ ही सेकंड में मशीन में अंदर जाने से उसका सिर धड़ से अलग हो गया और खोपड़ी से बाल अलग हो गए। नाबालिग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना कोटड़ा थाना क्षेत्र में बोरडी कला गांव में बुधवार रात की है।
नाबालिग के शव को देखकर वहां मौजूद परिवारजन बुरी तरह सहम गए। परिवार के लोगों ने तुरंत बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
अंकल के खेत पर चाय-पानी देने गई थी बच्ची
कोटड़ा थानाधिकारी राजेश कुमार मीणा ने बताया- हीना (17) पुत्री पूंजा खोखरिया सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। हीना के पिता पूंजा और माता दोनों गुजरात के अंबाजी में मजदूरी करते हैं। हीना अपने अंकल अर्जना पिता लाखा खोखरिया के खेत पर चाय-पानी देने या सहयोग करने गई हुई थी।
तभी वह थ्रेसर से गेहूं निकालने का काम करने लगी। अचानक हवा से उसका दुपट्टा मशीन में आया और वह मशीन की ओर खिंचती चली गई, जिसके बाद उसका सिर धड़ से अलग होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कोटड़ा हॉस्पिटल मोर्चरी में रखवाया गया है। मामले में परिजनों से रिपोर्ट ली जाएगी, जिसके बाद आगे की जांच शुरू की जाएगी।



